हल्द्वानी: गौला बैराज में डूबने से काठगोदाम चौकी इंचार्ज की मौत
हल्द्वानी, अमृत विचार। दोस्त के साथ गौला बैराज में नहाने गए मल्ला काठगोदाम चौकी प्रभारी की डूबने से मौत हो गई। जबकि दोस्त की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में एसएसपी पंकज भट्ट समेत जिले के तमाम आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए। मूलरूप से बरेली के रहने वाले …
हल्द्वानी, अमृत विचार। दोस्त के साथ गौला बैराज में नहाने गए मल्ला काठगोदाम चौकी प्रभारी की डूबने से मौत हो गई। जबकि दोस्त की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में एसएसपी पंकज भट्ट समेत जिले के तमाम आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए।
मूलरूप से बरेली के रहने वाले अमरपाल यादव 2015 बैच के दरोगा थे। किच्छा में उन्होंने अपना घर बनाया था और दो साल पहले उनका विवाह हुआ था। अमरपाल पत्नी के साथ मल्ला काठगोदाम चौकी के फैमली क्वाटर में रहते थे। बताया जाता है कि शनिवार को होली की व्यवस्था में लगे अमरपाल ने गौला बैराज के रास्ते बैरीकेडिंग कर बंद कर दिए थे।
ताकि होली खेलने के बाद कोई नहाने के लिए बैराज न जा सके। दोपहर बाद जब होली का कार्यक्रम समाप्त हो गया तो चौकी प्रभारी अमर पाल यादव विकास प्राधिकरण में तैनात दोस्त दीपक कुमार और गौला बैराज के गोताखोर प्रताप गड़िया के साथ बैराज में नहाने चले गए। प्रताप की मानें तो नहाते वक्त अचानक अमर पाल और दीपक डूबने लगे।
जिस वक्त यह घटना हुई अमर पाल और दीपक बैराज में करीब तीस मीटर अंदर थे। आनन-फानन में प्रताप बचाव कार्य में लग गए। डूबते दीपक को किसी तरह प्रताप ने बचाया और किनारे तक लेकर आए। जिसके बाद चौकी प्रभारी अमर पाल को बचाने के लिए बैराज में छलांग लगा दी, लेकिन तब तक वह डूब चुके थे। जिसके बाद बैराज के गेट खोल कर उन्हें बाहर निकाला गया। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए नैनीताल रोड स्थित एक अस्पताल ले जाया गया।
जहां प्रयास के बावजूद चिकित्सक उनकी जान नहीं बचा सके। जानकारी पर एसएसपी पंकज भट्ट, एसपी सिटी हरबंस सिंह, एसपी क्राइम डॉ जगदीश चंद्र समेत तमाम पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। एसएसपी ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि घटना किन परिस्थितियों में हुई है, इसकी जांच कराई जाएगी।
