मुरादाबाद: किशोर की पीट-पीटकर हत्या, सात के खिलाफ रिपोर्ट
मुरादाबाद, अमृत विचार। गुरुवार रात होलिका दहन के दौरान एक पक्ष के लोगों ने किशोर को बुरी तरह पीट दिया। शुक्रवार दोपहर जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर दिल्ली रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने किसी तरह समझाकर शांत किया। मृतक …
मुरादाबाद, अमृत विचार। गुरुवार रात होलिका दहन के दौरान एक पक्ष के लोगों ने किशोर को बुरी तरह पीट दिया। शुक्रवार दोपहर जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर दिल्ली रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने किसी तरह समझाकर शांत किया।
मृतक की बहन की तहरीर पर सात आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना मझोला थानाक्षेत्र के काशीरामनगर ई-ब्लॉक ट्रिपल स्टोरी की है। यहां रहनेव वाला 15 वर्षीय सुमित पुत्र स्व. जगतवीर सिंह ई-रिक्शा चलाता था। गुरुवार की रात करीब दस बजे सुमित होलिका दहन के लिए अन्य लोगों के साथ घर के पास ही खड़ा था।
तभी नन्हू से उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि बाद में नन्हू ने अपने साथियों को बुला लिया और सुमित को बुरी तरह पीट दिया। शोर होने पर आसपास के लोग एकत्रित हुए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। मौके पर पहुंचा बड़ा भाई अभिषेक और बहन मीता सुमित को घर लाए। रात में उसका घरेलू उपचार किया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ।
शुक्रवार सुबह हालत बिगड़ने पर करीब 10 बजे उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां थोड़ी देर बाद ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर दिल्ली रोड पर पहुंचे और काशीराम नगर गेट के सामने जाम लगा दिया। उन्होंने हत्या का मुकदमा व आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। हालांकि पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं हुए।
जानकारी पर पहुंचे एएसपी सागर जैन, एसएचओ धनंजय सिंह ने किसी तरह उन्हें समझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद घर पहुंच कर भी परिजन हंगामा करने लगे। तब पुलिस ने उन्हें किसी तरह शांत किया और शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार कर लिया। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
सुमित की बड़ी बहन मीता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने नन्हू, दाऊद, समध, शुएब, गट्टी, काजल व रानी के खिलाफ गैर इरातदन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी ई-ब्लॉक ट्रिपल स्टोरी के रहने वाले हैं। इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने बताया कि आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़ें-
मुरादाबाद: अवैध संबंधों में रोड़ा बने युवक की गला घोंटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
