हल्द्वानी: धामी के मंत्रिमंडल में गढ़वाल का दबदबा
हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शपथ ले ली है। उनके साथ ही आठ कैबिनेट मंत्रियों ने भी शपथ ली है। मुख्यमंत्री को छोड़ दें तो कुमाऊं से तीन मंत्री बनाए गए हैं। ये तीनों मंत्री अलग-अलग जिलों की विधानसभा सीटों से विधायक हैं। हालांकि मंडल के तीन जिलों से कोई …
हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शपथ ले ली है। उनके साथ ही आठ कैबिनेट मंत्रियों ने भी शपथ ली है। मुख्यमंत्री को छोड़ दें तो कुमाऊं से तीन मंत्री बनाए गए हैं। ये तीनों मंत्री अलग-अलग जिलों की विधानसभा सीटों से विधायक हैं। हालांकि मंडल के तीन जिलों से कोई भी मंत्री नहीं बना है।
पिछली सरकार में नैनीताल जिले से कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत कैबिनेट मंत्री थे। इस बार भी लोगों को उम्मीद थी कि उनकी वरिष्ठता को देखते हुए उन्हें मंत्रीमंडल में शामिल किया जा सकता है। हालांकि ऐसा नहीं हुआ है। नैनीताल जिले की छह विधानसभा सीटों में से पांच पर भाजपा के विधायक जीते हैं। हालांकि मंत्रीपद किसी को भी नहीं मिला है।
इधर पिथौरागढ़ जिले की डीडीहाट सीट से विधायक बिशन सिंह चुफाल भी मंत्रीमंडल में शामिल नहीं किए गए हैं। वह पिछली सरकार में पेयजल मंत्री थे। पिथौरागढ़ जिले में चार विधानसभा सीटें हैं। इनमें से गंगोलीहाट और डीडीहाट भाजपा के पास हैं। यह जिला भी मंत्री पद पाने में खाली हाथ रह गया है।
हालांकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं मूल रूप से डीडीहाट विधानसभा सीट के रहने वाले हैं। इसके अलावा चंपावत जिले से भी कोई मंत्री नहीं बना है। जिले में विधानसभा की दो सीटें हैं। इनमें चंपावत सीट पर भाजपा के कैलाश चंद्र गहतोड़ी तो लोहाघाट सीट पर कांग्रेस के खुशाल सिंह अधिकारी विधायक हैं। हालांकि चंपावत विधायक ने मुख्यमंत्री के लिए अपनी सीट छोड़ने की बात कही है। संभावना है कि मुख्यमंत्री यहां से भी चुनाव लड़ सकते हैं।
तीन जिलों को मिली जगह
हल्द्वानी। कुमाऊं के अल्मोड़ा जिले की सोमेश्वर विधानसभा सीट से विधायक रेखा आर्या फिर से मंत्री बनाया गया है। वह अनुसूचित जाति वर्ग से आती हैं। साथ ही वह भाजपा की महिला चेहरा भी हैं। उन्होंने धामी को मुख्यमंत्री बनाए जाने को लेकर खुलकर समर्थन भी किया था। इसके अलावा बागेश्वर सीट से विधायक चंदन राम दास भी मंत्रीमंडल में शामिल किए गए हैं। वह भी अनुसूचित वर्ग से आते हैं। ऊधमसिंह नगर की सितारगंज सीट से विधायक सौरभ बहुगुणा भी मंत्रीमंडल में शामिल हुए हैं। वह मूलरूप से गढ़वाली हैं और ब्राह्ममण समाज से आते हैं।
कुमाऊं से यह बड़े चेहरे नहीं हुए शामिल
हल्द्वानी। बंशीधर भगत और बिशन सिंह चुफाल के अलावा काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, गदरपुर से विधायक अरविंद पांडेय को मंत्रीमंडल में शामिल किए जाने के आसार थे। हालांकि ऐसा नहीं हुआ है। चंदन राम दास और सौरभ बहुगुणा को शामिल करके धामी सरकार ने इस बार कुमाऊं से कुछ नए चेहरों को तरजीह दी है।
