गदरपुर: गृह स्वामी को धारदार हथियार से किया घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गदरपुर, अमृत विचार। दावत में आई महिला मेहमान के साथ अभद्रता और गाली गलौज का विरोध करने पर कुछ लोगों ने गृह स्वामी को धारदार हथियारों से गंभीर रूप से घायल कर दिया। गृह स्वामी की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। ग्राम रामकोट …

गदरपुर, अमृत विचार। दावत में आई महिला मेहमान के साथ अभद्रता और गाली गलौज का विरोध करने पर कुछ लोगों ने गृह स्वामी को धारदार हथियारों से गंभीर रूप से घायल कर दिया। गृह स्वामी की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

ग्राम रामकोट नंबर 6 निवासी मुन्नी देवी ने पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि 20 मार्च को उनके घर पर नाती के जन्मोत्सव पर दावत का कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम में गांव में ही रहने वाली पूजा नाम की महिला भी आई हुई थी। जिसका गांव में रहने वाले गुरमेज सिंह नामक व्यक्ति के साथ पुराना विवाद चल रहा था। गुरमेज सिंह पूजा को परेशान करता था।

पूजा ने उसके खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज करायी थी। नाच गाने के दौरान किसी बात को लेकर गुरमेज सिंह ने पूजा और उसके परिवार के लोगों के साथ अभद्रता और गाली गलौज की। इस पर उसके पति राम सेवक ने विरोध किया। इस बीच वहां पहुंचे गुरमेज सिंह के भाई कुलवंत सिंह और पिता भगवान सिंह ने उस पर धारदार हथियारों से प्रहार कर दिया।

इससे रामसेवक गंभीर रूप से घायल हो गया और हमलावर धमकी देकर भाग निकले। परिजनों द्वारा गंभीर रूप से घायल रामसेवक को स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। मुन्नी देवी की तहरीर पर पुलिस ने गुरमेज सिंह, कुलवंत सिंह और भगवान सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

संबंधित समाचार