जसपुर: संदिग्ध परिस्थितियों में युवक को लगी गोली, मौत
जसपुर, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हजीरो में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । बुधवार रात्रि के दौरान गांव हजीरो में एक पोल्ट्री फार्म पर काम करने वाले थाना ठाकुरद्वारा मुरादाबाद, उत्तर …
जसपुर, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हजीरो में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । बुधवार रात्रि के दौरान गांव हजीरो में एक पोल्ट्री फार्म पर काम करने वाले थाना ठाकुरद्वारा मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश निवासी युवक पवन कुमार ( 24) पुत्र पुरुषोत्तम की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई।
मृतक के भाई रजनीश कुमार ने बताया कि उसका भाई पवन ग्राम हजीरो में यशवंत सिंह के ग्राम हजीरो स्थित पोल्ट्री फार्म में 8 -9 वर्षों से ड्राइविंग का काम करता था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि रुपयों के लेन-देन को लेकर के पवन कुमार की हत्या की गई है। इससे पहले भी पवन कुमार का रुपयों को लेनदेन को लेकर जसवंत कुमार से कई बार कहासुनी हुई थी।
बताया कि बुधवार रात करीब 8:30 बजे मालिक ने फोन कर के उसके घर से पोल्ट्री फार्म पर माल की गाड़ी उतरवाने के लिए बुलाया था। इस पर वह रात को पोल्ट्री फार्म पर चला गया परंतु माल की गाड़ी नहीं आई थी। सुबह को पवन कुमार मृत मिला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटनास्थल से 315 बोर का एक तमंचा बरामद किया जो शव के नजदीक पड़ा हुआ था। पुलिस ने बताया कि युवक द्वारा गोली मारकर आत्महत्या किये जाने की आशंका जताई जा रही है। इधर मृतक के परिजनों ने पवन की हत्या किये जाने का आरोप लगाया है। गोली पवन की कनपटी पर लगी है। हत्या है या आत्महत्या इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों ने किया हंगामा
घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर परिजन सगे-संबंधियों के साथ बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे थे। पवन का शव देख कर उन्होंने काफी देर तक हंगामा किया। पुलिस ने बमुश्किल समझाकर परिजनों को शांत किया। परिजनों ने बताया कि घटना की सूचना उन्हें पोल्ट्री फार्म पर काम करने वाले एक युवक ने फोन पर दी।
सीओ से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
सीओ काशीपुर वीर सिंह ने गांव हजीरो स्थित घटनास्थल पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के परिजनों सीओ को घटना के सम्बन्ध में जानकारी दी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
