अयोध्या: साकेतपुरी में सड़क चौड़ीकरण के नाम पर ध्वस्तीकरण, विधायक को सौंपा गया ज्ञापन
अयोध्या। शहर के साकेतपुरी कालोनी में सड़क चौड़ीकरण के नाम पर विकास प्राधिकरण द्वारा की जा रही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के विरोध में आंदोलित लोगों ने रविवार को अयोध्या विधायक से मुलाकात की और समस्या के निदान की मांग उठाते हुए ज्ञापन सौंपा। इस दौरान लोगों ने विकास प्राधिकरण के कर्मचारियों पर प्रताड़ित करने व …
अयोध्या। शहर के साकेतपुरी कालोनी में सड़क चौड़ीकरण के नाम पर विकास प्राधिकरण द्वारा की जा रही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के विरोध में आंदोलित लोगों ने रविवार को अयोध्या विधायक से मुलाकात की और समस्या के निदान की मांग उठाते हुए ज्ञापन सौंपा। इस दौरान लोगों ने विकास प्राधिकरण के कर्मचारियों पर प्रताड़ित करने व सड़क की पूर्वी पटरी के लोगों पर ही कार्रवाई का आरोप लगाया।
राजेश वर्मा व राजबली वर्मा के नेतृत्व में काफी संख्या में लोग रविवार की सुबह विधायक वेद प्रकाश गुप्ता के आवास पहुंचे और विकास प्राधिकरण पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए उन्हें ज्ञापन दिया। लोगों ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के इसी मामले में नगर विधायक के हस्तक्षेप पर विकास प्राधिकरण के सचिव द्वारा मामले का निस्तारण किया गया था।
इसके बावजूद सड़क के पूरब तरफ ही अधिग्रहण की कार्रवाई करते हुए बिना किसी नोटिस के लोगों के मकान ढहाए जा रहे हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि पश्चिमी तरफ कुछ अधिकारियों और राजस्व कर्मियों के अवैध निर्माण हैं, लेकिन उन पर कार्रवाई नहीं की जा रही है।
कहा कि हम लोग अपने बैनामे के आधार पर ही उस भूमि पर काबिज हैं, फिर भी कब्जे को अवैध बताया जा रहा है और लगातार बुल्डोजर चलाकर मकान ढहाया जा रहा है, विरोध करने पर जेल भेजने की धमकी दी जा रही है। विधायक ने समस्या निस्तारण का आश्वासन दिया। महेश कुमार अग्रवाल, रवि वर्मा, धर्मेंद्र, अक्षय प्रताप, बृजेश पांडेय, यशोदा पाठक, रत्नेश पाठक, योगेश रस्तोगी, सुखदेव, अमित सिंह आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें-Swiss Open : पीवी सिंधु बनीं स्विस ओपन चैंपियन, थाईलैंड की बुसानन को सीधे गेम में हराया
