हल्द्वानी: पर्यटकों को ना हो दिक्कत, तैयारी रखें पूरी : एसएसपी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। जाम से जूझ रहे पर्यटकों के लिए गर्मी में जंगल और पहाड़ भी मुसीबत का सबब बन सकते हैं। इन सभी समस्याओं से निपटने के लिए एसएसपी पंकज भट्ट ने क्राइम मीटिंग में पुलिस और दमकल कर्मियों को अहम दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी में जंगलों में आग लगने और पहाड़ …

हल्द्वानी, अमृत विचार। जाम से जूझ रहे पर्यटकों के लिए गर्मी में जंगल और पहाड़ भी मुसीबत का सबब बन सकते हैं। इन सभी समस्याओं से निपटने के लिए एसएसपी पंकज भट्ट ने क्राइम मीटिंग में पुलिस और दमकल कर्मियों को अहम दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी में जंगलों में आग लगने और पहाड़ टूटने की घटनाएं होती है, ऐसे में पहले से सभी तैयारियां रखें।

पुलिस बहुउद्देशीय भवन में आयोजित क्राइम मीटिंग में एसएसपी ने कहा कि जिले के सभी पर्यटन स्थलों में पिछले वर्षों की अपेक्षा इस बार पर्यटकों का आवागमन ज्यादा रहेगा। वर्तमान में कलसिया पुल के पुनर्निर्माण होने के कारण यातायात डायवर्ट किया गया है। जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक मैनेजमेंट पर ज्यादा सतर्क और मेहनत किए जाने की जरूरत है।

इसके अतिरिक्त सभी थाने अपने स्तर पर ट्रैफिक प्लान तैयार करेंगे। गर्मियों में पहाड़ी क्षेत्रों पर आगजनी और चट्टानों के टूटने की आशंका अधिक रहती है। ऐसे में मुख्य अग्निशमन अधिकारी थानों में नियुक्त कर्मियों को ब्रीफ कर प्रशिक्षण देंगे और ड्यूटी प्वाइंटों पर तैनात करेंगे। इसके अलावा यातायात में बाधा बनने वाले व्यक्तियों, विक्रेताओं और वाहनों पर कार्रवाई की जाए।

इसके अलावा 0बीट सूचना में तेजी लाने, सिटीजन पोर्टल/ मुख्यमंत्री पोर्टल से आने वाले शिकायती पत्रों का तुरंत निस्तारण, गुमशुदा व्यक्तियों की शत–प्रतिशत बरामदगी करें। थानों में लगे सीसीटीवी के ऑडियो, विजुअल चेक किए जाएं। महिला संबंधित तथा पॉक्सो के मामलों का त्वरित निस्तारण करें। गोष्ठी में संयुक्त निदेशक विधि हीरा सिंह राणा, एसपी सिटी हरबंस सिंह, जिले के सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी तथा इकाइयों के प्रमुख मौजूद रहे।

मोहन और नूतन को मिला सम्मान
हल्द्वानी। क्राइम मीटिंग के दौरान निर्देश और फटकार के साथ बेहतरीन काम करने वालों को एसएसपी ने सम्मानित किया। एसएसपी पंकज भट्ट ने यातायात व्यवस्था में सराहनीय कार्य करने के लिए उप निरीक्षक टीपी मोहन सिंह डोभाल व का. टीपी नूतन तिवारी को पुलिस मैन ऑफ द मंथ का प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

संबंधित समाचार