हल्द्वानी: विधायक बिष्ट ने रुकवाई निगम की जेसीबी
हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम ने सोमवार को भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रखा। हालांकि धान मिल क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने वाली टीम से विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट उलझ गए। उन्होंने जेसीबी को रुकवा दिया और अतिक्रमण हटाने के तरीके पर आपत्ति जताई। सोमवार को नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम ने सोमवार को भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रखा। हालांकि धान मिल क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने वाली टीम से विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट उलझ गए। उन्होंने जेसीबी को रुकवा दिया और अतिक्रमण हटाने के तरीके पर आपत्ति जताई।
सोमवार को नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए तीनपानी से धान मिल की तरफ पहुंची और अतिक्रमण को ढहाने की कार्रवाई कर रही थी। इस दौरान लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट वहां से गुजर रहे थे। अभियान को देखकर वह रुक गए तो उन्हें स्थानीय लोगों ने घेर लिया और उन्हें अपनी पीड़ा बताई।
इस पर विधायक ने तत्काल जेसीबी को रुकवा दिया और नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय और सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह से उनके अभियान के तरीके पर कड़ी आपत्ति दर्ज की। विधायक ने कहा कि लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए समय देना चाहिए। जेसीबी के जरिए अतिक्रमण हटाने से लोगों के भवनों को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है। कहा कि नगर निगम के इस अभियान से आम लोगों को दिक्कत हो रही है।
इस पर नगर आयुक्त ने जवाब देते हुए कहा कि वह नियमों के तहत ही अतिक्रमण हटवा रहे हैं। सभी को पांच दिनों की मोहलत दे दी गई थी। विधायक के जाने के बाद नगर निगम की टीम ने अभियान फिर से शुरू कर दिया। हालांकि स्थानीय लोग इस दौरान कड़ी आपत्ति जताते रहे। इधर, दुकानदारों ने बताया कि नगर निगम यह दावा कर रहा है कि उसने लोगों को मोहलत दी थी लेकिन यह गलत है। आरोप लगाया कि नगर निगम एकतरफा कार्रवाई कर रहा है।
पुराने धान मिल के पास टूटी दीवार
हल्द्वानी। नगर निगम ने अपने अभियान के तहत पुरानी धान मिल के पास एक दीवार को तोड़ दिया। यह दीवार धान मिल की थी। हालांकि यह अतिक्रमण के दायरे में नहीं थी। दीवार पर लगे छज्जे को हटाने की वजह से यह दीवार गिर गई। वहीं, कई लोगों का कहना था कि अतिक्रमण को हटाने के लिए जेसीबी का इस्तेमाल गलत तरीके से किया जा रहा है। इससे अतिक्रमण हटाने के साथ ही अन्य निर्माण भी क्षतिग्रस्त हो रहा है।
