गर्मी का सितम: 36.8 डिग्री पहुंचा हल्द्वानी का तापमान
हल्द्वानी, अमृत विचार। अप्रैल के दूसरे दिन दिन भी गर्मी का सितम जारी रहा। गर्म हवाओं ने पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम को तपा दिया है। गर्मी से जल्द कोई निजात मिलने के आसार नहीं हैं। हल्द्वानी में सुबह के समय गर्मी से कुछ राहत मिल रही है। सुबह दस बजे के बाद धूप …
हल्द्वानी, अमृत विचार। अप्रैल के दूसरे दिन दिन भी गर्मी का सितम जारी रहा। गर्म हवाओं ने पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम को तपा दिया है। गर्मी से जल्द कोई निजात मिलने के आसार नहीं हैं।
हल्द्वानी में सुबह के समय गर्मी से कुछ राहत मिल रही है। सुबह दस बजे के बाद धूप की तपिश बढ़ जाती है। दोपहर में लोगों का घर से बाहर निकलना दूभर हो रहा है। हालांकि, शाम होने के बाद लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल रही है। इधर, बढ़ रही गर्मी की वजह से शीतल पेय की बिक्री बढ़ने लगी है।
दुकानदारों का कहना है कि आमतौर पर 15 अप्रैल के बाद शीतल पेय की बिक्री में उछाल आता था। लेकिन, इस बार समय से पहले ही गर्मी शुरू हो गई है। दोपहर के समय लोग घरों से निकलते समय शरीर को ढक कर निकल रहे हैं। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि गर्मी से कोई निजात मिलने के आसार नहीं हैं।
आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोत्तरी होगी। शनिवार को हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा रहा है।
गर्मी से कोई राहत नहीं मिलेगी। अभी बारिश के कोई आसार नहीं हैं। मैदानी इलाकों में तापमान और बढ़ेगा। लोगों को स्वास्थ्य के लिहाज से सावधान रहने की जरूरत है।
– डॉ. आरके सिंह, मौसम विज्ञानी, जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय, पंतनगर
