वतनार मुठभेड़ में शहीद निशान सिंह को सेना ने दी श्रद्धांजलि 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

श्रीनगर। सेना ने रविवार को जम्मू-कश्मीर में अनंतनाग जिले के वतनार गांव में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए लांस नायक निशान सिंह को श्रद्धांजलि दी। रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि बादामी बाग कैंट में आयोजित एक आधिकारिक श्रद्धांजलि समारोह में श्रीनगर स्थित चिनार कोर के जनरल-ऑफिसर-कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल डी. पी. पांडे और सभी …

श्रीनगर। सेना ने रविवार को जम्मू-कश्मीर में अनंतनाग जिले के वतनार गांव में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए लांस नायक निशान सिंह को श्रद्धांजलि दी। रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि बादामी बाग कैंट में आयोजित एक आधिकारिक श्रद्धांजलि समारोह में श्रीनगर स्थित चिनार कोर के जनरल-ऑफिसर-कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल डी. पी. पांडे और सभी रैंकों के अधिकारियों ने वीर सैनिक को श्रद्धांजलि दी।

वतनार में आतंकवादियों की उपस्थिति के बारे में जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिली गुुप्त सूचना के आधार पर सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त बलों ने 16 अप्रैल को अपराह्न 03.15 बजे घेराबंदी एवं तलाशी अभियान शुरू किया था। प्रवक्ता ने कहा, “जब शुरुआती घेराबंदी की जा रही थी, तभी आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी।

अपनी सुरक्षा की चिंता किए बिना लांस नायक निशान सिंह ने आतंकवादियों की तरफ बढ़ते हुए गोलीबारी का जवाब दिया जिस दौरान उन्हें सीने में गोली लग गई।” उन्हें फौरन 92 बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सा अधिकारियों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हरियाणा में सिरसा जिले में भौदीं गांव निवासी 29 वर्षीय निशान सिंह 2013 में सेना में भर्ती हुए थे। उनके परिवार में पत्नी हैं। प्रवक्ता ने बताया कि निशान सिंह के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उनके गांव ले जाया जाएगा, जहां उन्हें पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।

ये भी पढ़ें- आंध्र प्रदेश: कुरनूल में धार्मिक जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच झड़प

संबंधित समाचार