हल्द्वानी: गौलापार व हरिपुर नायक में बनेंगे 3.60 करोड़ से तीन नलकूप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर की सिंचाई एवं पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए जल्द ही तीन नलकूपों का निर्माण होगा। सिंचाई विभाग ने इसके लिए 3.60 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया है। बजट मिलते ही नलकूपों का निर्माण कार्य शुरू हो जायेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहर की पेयजल एवं …

हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर की सिंचाई एवं पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए जल्द ही तीन नलकूपों का निर्माण होगा। सिंचाई विभाग ने इसके लिए 3.60 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया है। बजट मिलते ही नलकूपों का निर्माण कार्य शुरू हो जायेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहर की पेयजल एवं सिंचाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नये नलकूपों का निर्माण कराये जाने की घोषणा की थी। इस योजना के तहत हल्द्वानी को तीन नलकूपों की सौगात मिली। शासन के निर्देश पर सिंचाई विभाग ने नलकूप निर्माण में होने वाले खर्च की अनुमानित धनराशि का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया। सिंचाई विभाग के नलकूप खंड के सहायक अभियंता आरके सिंह ने बताया कि तीनों नलकूपों के लिए स्थान चिह्नित कर लिया है। दो नलकूप गौलापार में बनेंगे जबकि एक हरिपुर नायक में बनेगा। नलकूप बनने के बाद सिंचाई एवं पेयजल के समस्या कम होगी। उन्होंने बताया कि एक नलकूप के निर्माण में एक करोड़ 20 लाख रुपये की अनुमानित धनराशि खर्च होगी।

सिंचाई विभाग के 200 नलकूप हो जायेंगे हल्द्वानी में
हल्द्वानी। शहर में सिंचाई विभाग के वर्तमान में 192 नलकूप हैं। इसमें से दो नलकूपों की मरम्मत का काम चल रहा है। इसके साथ ही पूर्व में मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार हल्दूपोखरा नायक, हैड़ागज्जर, पीपल पोखरा-2, बजूनिया हल्दू एवं हल्दूचौड़ जयराम में चल रहा है। इसमें से तीन नलकूपों का निर्माण पूरा हो चुका है। दो के निर्माण के लिए शासन से बजट मिलने का इंतजार है। जिन नलकूपो का निर्माण पूरा हो गया है, उनसे जल्द ही पेयजल एवं सिंचाई के लिए आपूर्ति शुरू हो जायेगी।

संबंधित समाचार