रुद्रपुर: तय वक्त बीता लेकिन नहीं शुरू हुआ औषधि रिसर्च सेंटर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। सरदार भगत सिंह स्नातकोत्तर कॉलेज में औषधि रिसर्च सेंटर की शुरुआत मार्च महीने में होने वाली थी, लेकिन एक माह गुजर जाने के बाद भी लैब में अभी आधे-अधूरे ही उपकरण लग पाए हैं, जिससे सेंटर नहीं खोला जा सका। अब मई में इसे शुरू करने की कवायद चल रही है। तराई …

रुद्रपुर, अमृत विचार। सरदार भगत सिंह स्नातकोत्तर कॉलेज में औषधि रिसर्च सेंटर की शुरुआत मार्च महीने में होने वाली थी, लेकिन एक माह गुजर जाने के बाद भी लैब में अभी आधे-अधूरे ही उपकरण लग पाए हैं, जिससे सेंटर नहीं खोला जा सका। अब मई में इसे शुरू करने की कवायद चल रही है।

तराई के साथ ही पर्वतीय वन क्षेत्रों की औषधियों की विशेषता जानने व उसको बाजार उपलब्ध कराने के लिये सेंटर फॉर रूलर एंड टेक्नोलॉजी (सीआरडीटी) आईआईटी नई दिल्ली के साथ एसबीएस कॉलेज का दिसंबर 2021 में करार हुआ था। इसके तहत कॉलेज प्रशासन को भवन, लैब आदि तैयार करनी थी। जबकि सीआरडीटी को रिसर्च संबंधी उपकरण व बाजार संबंधी कार्यवाही करनी थी।

इस लैब को मार्च 2022 में शुरू करने की घोषणा की गई थी। कॉलेज में नेचुरल प्रोडक्ट रिसर्च लैब के नाम से एक प्रयोगशाला तैयार हो गई है। लैब के लिए कुछ उपकरण मंगा लिये गये है पर कुछ उपकरण आना बाकी है। तय समयसीमा को गुजरे महीने भर से ज्यादा का वक्त गुजर चुका है लेकिन लैब अभी शुरू नहीं हो सकी है।

शोध के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में खुलेंगे रोजगार के द्वार
रुद्रपुर। लैब में तराई और पर्वतीय क्षेत्रों में पाई जाने वाली वन औषधियों पर शोध के साथ ही इसके उत्पादों के लिए ग्रामीणों को जानकारी दी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों के परंपरागत प्रौद्योगिकी का भी अध्ययन व आधुनिकीकरण कर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार का अवसर भी उपलब्ध कराया जाएगा। वन औषधियों पर शोध होने के साथ ही लोगों को इसकी विशेषताओं की जानकारी मिल सकेगी। इसके शुरू होने पर तराई व पर्वतीय क्षेत्र के लोगों के लिए यहां एक बड़ा बाजार बनेगा।

सरदार भगत सिंह डिग्री कॉलेज में नेचुरल प्रोडक्ट रिसर्च लैब की प्रयोगशाला तैयार हो गई है। इसमें कुछ उपकरण भी लगाए गए हैं। मई में इसकी शुरुआत कर दी जाएगी।
– डॉ. भारत पांडेय,
रसायन विभाग, सरदार भगत सिंह डिग्री कॉलेज

संबंधित समाचार