रुद्रपुर: महिलाओं को धमकाने वाले भाजपा नेता का हुआ वीडियो वायरल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। भाजपा से जुड़े बंगाली महासभा के प्रदेश अध्यक्ष का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से खलबली मच गई। वीडियो में भाजपा नेता व उनके भाई महिलाओं को धमकाते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं एक नेता तो महिलाओं को घर न जाने पर टांगे तोड़कर चौराहे पर लटकाने की …

रुद्रपुर, अमृत विचार। भाजपा से जुड़े बंगाली महासभा के प्रदेश अध्यक्ष का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से खलबली मच गई। वीडियो में भाजपा नेता व उनके भाई महिलाओं को धमकाते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं एक नेता तो महिलाओं को घर न जाने पर टांगे तोड़कर चौराहे पर लटकाने की धमकी तक देते हुये नजर आ रहे हैं।

ट्रांजिट कैंप में बंगाली महासभा के अध्यक्ष राजकुमार साहा के खेत पर नाली निर्माण को लेकर कोई विवाद हुआ था। शनिवार को बंगाली महासभा के अध्यक्ष व भाजपा नेता राजकुमार साहा अपने बड़े भाई अजीत साहा के साथ इसी सिलसिले में पहुंचे थे। मौके पर काफी संख्या में महिलायें एकत्रित थीं। सोशल मीडिया पर जो वीडियो जारी हुआ है।

उसमें मौके पर एकत्रित महिलायें साहा बंधुओं की बात से सहमत नजर नहीं आ रही हैं। इसी बात को लेकर राजकुमार साहा महिलाओं को घर जाने की बात कहते नजर आ रहे हैं। जब महिलायें उनकी बात नहीं सुन रही है तो साहा महिलाओं को धमकाने वाले अंदाज में बोलते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं एक आवाज तो उसमें साफ तौर सुनी जा रही है कि यदि बात नहीं मानोगी तो टांगें काटकर चौराहे पर लटका दूंगा।

वीडियो बनाने वाले को भी धमकाया
रुद्रपुर। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह वीडियो किसने वायरल किया है लेकिन साहा के समर्थक वीडियो बनाने वाले को धमका रहे हैं। इसी दौरान वीडियो कट हो गया है।

तीन साल पहले तत्कालीन विधायक का भी वीडियो हुआ था वायरल
रुद्रपुर। तीन साल पहले तत्कालीन भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल का भी एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें वह कथित तौर पर अपने आवास पर आई कुछ महिलाओं से गहमागहमी करते नजर आ रहे थे। इस मामले में भाजपा ने विधायक को नोटिस भी जारी किया था। हालांकि, बाद में मामला आपसी समझौते से निपट गया था।

मेरे खेत में पिछले काफी समय से पानी भर रहा है। निगम को भी कई बार शिकायत की गई थी। इसके बाद वहां पर नाली को थोड़ा ऊंचा करने पर सहमति बनी थी। अब वहां के लोग नाली का बहाव मेरे खेत की ओर ही करना चाह रहे थे। इसी को लेकर मैंने विरोध किया था। बाकी सभी आरोप निराधार हैं। क्या मैं अपने खेत को भी नहीं बचाऊंगा…।
– राजकुमार साहा, भाजपा नेता व अध्यक्ष, बंगाली महासभा

ऐसा कोई वीडियो मेरे संज्ञान में नहीं है। जहां तक राजकुमार साहा का प्रश्न है। वह भाजपा के कोई पदाधिकारी नहीं है।
– शिव अरोरा, विधायक व जिलाध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी

संबंधित समाचार