मुरादाबाद: चेकिंग करने गई बिजली विभाग की टीम पर जानलेवा हमला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। गुरुवार को बिजली चेकिंग के लिए गई टीम पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने उनका फोन भी तोड़ दिया और विभागीय पहचान पत्र भी छीन लिया। इससे बिजली कर्मियों में भगदड़ मच गई। चेकिंग अभियान बीच में ही रोक दिया गया। टीम में शामिल जेई की …

मुरादाबाद, अमृत विचार। गुरुवार को बिजली चेकिंग के लिए गई टीम पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने उनका फोन भी तोड़ दिया और विभागीय पहचान पत्र भी छीन लिया। इससे बिजली कर्मियों में भगदड़ मच गई। चेकिंग अभियान बीच में ही रोक दिया गया। टीम में शामिल जेई की तहरीर पर पुलिस ने दो सगे भाइयों को नामजद करते हुए चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना को लेकर विद्युत कर्मियों में रोष है।

  • जेई की तहरीर पर मझोला पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ की कार्रवाई
  • बिजली कर्मियों ने लगाया मोबाइल फोन तोड़ने और आइडी कार्ड छीनने का आरोप

मझोला थाना क्षेत्र के बुद्धि विहार निवासी संदीप कुमार यादव विद्युत विभाग में अवर अभियंता (जेई) हैं। वह दिल्ली रोड स्थित विद्युत उपकेंद्र पर कार्यरत हैं। गुरुवार को वह अपनी टीम के साथ मझोला के मोहल्ला मोहन नगर में बिजली चेकिंग के लिए गए थे। इस दौरान टीम बकाएदारों के कनेक्शन भी काट रही थी। टीम में संविदा कर्मी भी शामिल थे। टीम मोहल्ले में रहने वाले मुकेश ठाकुर और उसका भाई भुवनेश राघव उर्फ भूरा अपने परिसर में मौजूद थे। यहां निर्माण कार्य चल रहा था। उन्होंने बिजली से संबंधित प्रपत्र दिखाने को कहा।

आरोप है कि दोनों भाइयों ने अपना मीटर और परिसर के पास से जा रही विद्युत केबल दिखाने से साफ मना कर दिया। उनके व्यवहार से टीम को पूरा यकीन हो गया कि यहां बिजली चोरी की जा रही है। टीम ने अंदर जाने का प्रयास किया तो दोनों भाइयों और मजदूरों ने जेई व उनकी टीम पर हमला बोल दिया। इस दौरान आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन छीन कर तोड़ दिया।

इतना ही नहीं उनके विभागीय पहचान पत्र भी छीन लिए। हमलावरों के तेवर देख चेकिंग टीम में भगदड़ मच गई। जेई व उनकी टीम के सदस्य जान बचाकर मझोला थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने बताया कि जेई संदीप कुमार यादव की तहरीर पर मुकेश ठाकुर, उसके भाई भुवनेश राघव उर्फ भूरा और दो अज्ञात के खिलाफ धारा 323, 353 और 427 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस चारों आरोपियों की तलाश में जुटी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें:- संभल: बिजली चेकिंग टीम को ग्रामीणों ने दौड़ाया, लाइनमैन को पीटा

संबंधित समाचार