नैनीताल: रास्ता बंद करने पर भड़के वकील, प्रदर्शन, भीषण जाम
नैनीताल, अमृत विचार। नगर में वीआईपी मूवमेंट के दौरान न्यायालय की तरफ के रास्ते बंद करने पर अधिवक्ताओं और पुलिस के बीच विवाद हो गया। अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए रास्ता खोलने की मांग की। इस दौरान तल्लीताल डांठ पर करीब दो घंटे तक जाम रहा। दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद में फजीहत बीमारों …
नैनीताल, अमृत विचार। नगर में वीआईपी मूवमेंट के दौरान न्यायालय की तरफ के रास्ते बंद करने पर अधिवक्ताओं और पुलिस के बीच विवाद हो गया। अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए रास्ता खोलने की मांग की। इस दौरान तल्लीताल डांठ पर करीब दो घंटे तक जाम रहा। दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद में फजीहत बीमारों को झेलनी पड़ी। बाद में एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया।
डीएसबी परिसर में शुक्रवार को कुमाऊं विवि का दीक्षांत समारोह था।
वीआईपी मूवमेंट के चलते पुलिस ने कॉलेज रोड, मस्जिद से कॉलेज होते हुए डिस्ट्रिक्ट कोर्ट जाने वाला रास्ता और तल्लीताल से जो रास्ता कोर्ट को जाता है, वह भी बंद कर दिया। इस पर अधिवक्ता भड़क गए और उन्होंने तल्लीताल डांठ पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। काफी संख्या में जिला और हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर रास्ता खोलने की मांग की। इस दौरान तल्लीताल डांठ पर भीषण जाम की स्थिति रही।
जाम के दौरान दो एंबुलेंस भी फंस गईं। पुलिस ने एक एंबुलेंस को हल्द्वानी और एक एंबुलेंस बीडी पांडे अस्पताल भिजवायी। गंभीर घायल एक व्यक्ति को उपचार के लिए नैनीताल लाया जा रहा था, लेकिन जाम न खुलने के कारण पुलिस ने उसे हल्द्वानी भिजवाया। इसके अलावा पर्यटकों और स्थानीय लोगों को फजीहत झेलनी पड़ी। रोडवेज के यात्रियों को भी हल्द्वानी व भवाली की ओर जाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। मौके पर अधिवक्ताओं और एसओ रोहिताश सागर के बीच तीखी बहस हुई।
बाद में एसएसपी पंकज भट्ट और सीओ संदीप नेगी ने मौके पर पहुंचकर बमुश्किल अधिवक्ताओं को समझाकर जाम खुलवाया। प्रदर्शन करने वालों में नीरज साह अध्यक्ष बार एसोसिएशन तल्लीताल, मनीष जोशी, दया किशन पोखरिया, तरुण चंद्रा, ओमकार गोस्वामी, पंकज बिष्ट, भरत भट्ट, नवीन पंत आदि मौजूद रहे।
