काशीपुर: बिजली का तार गिरने से धू-धू कर जल उठी कार
काशीपुर, अमृत विचार। कार पर एलटी लाइन का बिजली तार गिरने से कार में आग लग गई। जिससे कार पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। कार में आग की लपटें उठने से घर की खिड़की भी जल गई। लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। इसके बाद पहुंचे अग्निशमन कर्मचारियों ने कार में लगी …
काशीपुर, अमृत विचार। कार पर एलटी लाइन का बिजली तार गिरने से कार में आग लग गई। जिससे कार पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। कार में आग की लपटें उठने से घर की खिड़की भी जल गई। लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। इसके बाद पहुंचे अग्निशमन कर्मचारियों ने कार में लगी आग को बुझा दिया। मोहल्लेवासियों ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
वार्ड नंबर एक सैनिक कॉलोनी में प्रताप सिंह का घर है। प्रताप सिंह वाटर प्यूरीफायर की रिपेयरिंग का काम करते हैं। सोमवार को प्रताप सिंह ने अपनी कार अल्टो संख्या यूके 04 एम 2158 को घर के पास सड़क पर खड़ा किया था। दोपहर करीब ढाई बजे अचानक एलटी लाइन का तार टूटकर कार के ऊपर गिर गया। जिससे कार में आग लग गई। कार में आग की लपटे उठती देख प्रताप सिंह और आसपास के लोगों ने घरों से पानी लाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
लेकिन आग की लपटे इतनी तेज थी कि इससे प्रताप के घर की एक खिड़की भी जल गई। इसी बीच किसी ने अग्निशमन विभाग को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची अग्निशमन की टीम ने आग पर काबू पा लिया। मोहल्लेवासियों ने बताया कि कई बार ऊर्जा निगम के अधिकारियों को तार ढीले होने की शिकायत की गई है। लेकिन विभाग के लोग काम चलाऊ काम कर चले जाते हैं। बिजली विभाग की लापरवाही का ही कारण है कि तार टूट कर गिर गया। प्रताप सिंह ने बताया कि मोहल्लेवासी हाई और लो वोल्टेज की समस्या से लंबे समय से परेशान है। उनके घर में हाई वोल्टेज से पहले भी बिजली के उपकरण फूंक चुके हैं। वार्ड नंबर एक की पार्षद बीना नेगी ने बताया कि उन्होंने घटना की जानकारी ऊर्जा निगम के अधिकारियों को दे दी है। पीड़ित को मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
