रानीखेत से टैंकर में छिपाकर ला रहे थे लीसे के 700 टीन, हल्द्वानी में पकड़े गए
हल्द्वानी, अमृत विचार। पर्वतीय क्षेत्रों से लीसा तस्करी का धंधा जोरों पर चल रहा है। रानीखेत से तस्करी कर हल्द्वानी लाया जा रहा 700 टिन लीसा वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया है। एसओजी प्रभारी कैलाश तिवारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर टीम ने हल्द्वानी के हाईडिल गेट के पास से लीसा …
हल्द्वानी, अमृत विचार। पर्वतीय क्षेत्रों से लीसा तस्करी का धंधा जोरों पर चल रहा है। रानीखेत से तस्करी कर हल्द्वानी लाया जा रहा 700 टिन लीसा वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया है। एसओजी प्रभारी कैलाश तिवारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर टीम ने हल्द्वानी के हाईडिल गेट के पास से लीसा भरा ट्रक बरामद किया है। पूछताछ में ट्रक चालक ने बताया कि रानीखेत के मझखाली से आए इस ट्रक में 700 टिन लीसा भरा है। फिलहाल वन विभाग की टीम ने ट्रक को रेंज कार्यालय में खड़ा कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वन विभाग के अधिकारी के मुताबिक लाखों रुपए के इस अवैध लीसे की तस्करी से संबंधित जांच की जा रही है। बताते चलें कि पहाड़ में चीड़ के पेड़ों से उत्पादित लीसे का वैधानिक दोहन वन विभाग के माध्यम से होता है, लेकिन इससे इतर पहाड़ी जिलों में कई लीसा तस्कर गिरोह सक्रिय हैं जो लीसे का अवैध कारोबार कर सरकार को करोड़ों रुपये राजस्व का चूना लगा रहे हैं।
हालांकि रानीखेत से हल्द्वानी पहुंचे लीसे के टैंकर ने वन विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए हैं। आखिर रानीखेत से हल्द्वानी तक वन विभाग की कई चौकियां हैं फिर कैसे 700 टन लीसा हल्द्वानी तक पहुंच गया। बहरहाल वन विभाग के अधिकारी पकड़े गए लीसे की जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रहे हैं।
