काशीपुर: नियम तोड़ना पड़ा भारी, 36 ई-रिक्शा समेत 51 वाहनों का चालान, चार ई-रिक्शा सीज
काशीपुर,अमृत विचार। बिना पंजीकरण और कागजातों के फर्राटा भर रहे ई-रिक्शा चालकों से परिवहन विभाग सख्ती से निपट रहा है। परिवहन विभाग ने पुलिस की मदद से 36 ई-रिक्शा समेत 51 वाहनों का चालान कर 4 ई-रिक्शा सीज की है। दरअसल क्षेत्र में पांच हजार से अधिक ई-रिक्शा संचालित हैं। जिसमें केवल 3600 ई-रिक्शा ही …
काशीपुर,अमृत विचार। बिना पंजीकरण और कागजातों के फर्राटा भर रहे ई-रिक्शा चालकों से परिवहन विभाग सख्ती से निपट रहा है। परिवहन विभाग ने पुलिस की मदद से 36 ई-रिक्शा समेत 51 वाहनों का चालान कर 4 ई-रिक्शा सीज की है।
दरअसल क्षेत्र में पांच हजार से अधिक ई-रिक्शा संचालित हैं। जिसमें केवल 3600 ई-रिक्शा ही परिवहन विभाग में पंजीकृत हैं। इनमें से 2853 ई-रिक्शा बिना कर जमा किए सड़कों पर दौड़ रही हैं। जिन पर 3 करोड़ से अधिक का बकाया चला आ रहा है। कर जमा नहीं होने पर ई-रिक्शों की फिटनेस भी नहीं हो पा रही है। परिवहन विभाग पुलिस की मदद से यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने, टैक्स जमा न करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान चला रहा है।
मंगलवार को एआरटीओ एके झा के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम, पुलिस, सीपीयू की संयुक्त टीम ने एक साथ मिलकर एमपी चौक, चैती चौराहा, टांडा तिराहा और रामनगर रोड पर चेकिंग अभियान चलाया।
एआरटीओ एके झा ने बताया कि बिना पंजीयन, फिटनेस, कर जमा किए और बिना ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही बिना बीमा के सड़कों पर दौड़ रहे 36 ई-रिक्शों समेत 51 वाहनों का चालान किया गया है। जबकि चार ई-रिक्शा सीज किए गए हैं। टीम में परिवहन कर अधिकारी प्रमोद कर्नाटक, विजय आर्य, सचिन, सीपीयू एसआई नवीन सुयाल आदि मौजूद रहे।
