टनकपुर: अग्निपथ योजना के खिलाफ टनकपुर व चम्पावत में युवाओं का प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

टनकपुर/चम्पावत, अमृत विचार। सरकार द्वारा शुरू की गई अग्निपथ योजना का चम्पावत जिले में जमकर विरोध हुआ। गुरुवार को आक्रोशित युवाओं ने टनकपुर और चम्पावत में प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की ।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस योजना को तत्काल बंद नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। …

टनकपुर/चम्पावत, अमृत विचार। सरकार द्वारा शुरू की गई अग्निपथ योजना का चम्पावत जिले में जमकर विरोध हुआ। गुरुवार को आक्रोशित युवाओं ने टनकपुर और चम्पावत में प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की ।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस योजना को तत्काल बंद नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

गुरुवार को टनकपुर में युवा वर्ग एकत्र हुए ,जहां उन्होंने इस योजना के विरोध में नगर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने तुलसीराम चौराहे पर जाम भी लगा दिया। इससे आने जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ी। बाद में इन युवाओं ने नगर के विभिन्न मार्गो से होकर नारेबाजी की साथ ही प्रदर्शन किया। बाद में उन्होंने तहसील पहुंचकर प्रभारी तहसीलदार पिंकी आर्या के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया कि यदि इस योजना को शीघ्र बंद नहीं किया गया तो वे आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए बाध्य होंगे।

इधर, चम्पावत स्टेशन बाजार में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार से योजना को निरस्त कर पूर्व की भांति सेना भर्ती जारी रखने की मांग की। बाद में युवा गोल्ज्यू दरबार पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई। युवाओं ने दो साल पूर्व हुई भर्ती में सफल अभ्यर्थियों को अब तक सेना में शामिल न करने पर भी रोष जताया।

चम्पावत, लोहाघाट, पाटी एवं बाराकोट विकास खंडों से दर्जनों युवा मोटर स्टेशन में जमा हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने केंद्र सरकार के पुतले को भी आग के हवाले कर दिया। कहा कि केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना युवाओं के हित में नहीं है। सेना भर्ती पूर्व की भांति होनी चाहिए। कहा कि सरकार को अस्थाई ओवरड्राफ्ट हटाकर स्थसश्र रूप से पूर्व की तरह भर्ती करानी चाहिए। ऐसा नहीं किया गया तो वे योजना का विरोध जारी रखेंगे।

युवाओं को कांग्रेस के पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने भी समर्थन दिया और वे उनके साथ गोल्ज्यू दरबार में भी बैठे। पूर्व विधायक खर्कवाल में सरकार पर आरोप लगाया कि वह युवाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन में शामिल युवा ब्रजेश महराना, नवीन कापड़ी, अमित सिंह, विक्रांत करायत, प्रेम चंद्र, रविशंकर, आयुष, संदीप आदि ने बताया कि सरकार युवाओं के साथ चार साल की भर्ती का लॉलीपॉप देकर भविष्य को अंधकार में झोंक रही है।

उन्होंने दो साल पहले हुई सेना भर्ती में फिजीकल और मेडिकल पास युवाओं को कॉल लेटर जारी न करने पर भी आक्रोश जताया। कहा कि भर्ती हुए कई युवाओं की उम्र अंतिम पड़ाव में है लेकिप सरकार को उनके भविष्य की चिंता नहीं है। उन्होंने सरकार से इस योजना को तत्काल बंद कर पूर्व की भांति सेना की भर्ती किए जाने की पुरजोर वकालत की।

रोडवेज की बसों को रोकने की भी कोशिश
चम्पावत।आक्रोशित युवाओं ने रोडवेज की बसों को रोकने की भी कोशिश की लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से वे इसमें सफल नहीं हो पाए। कई युवाओं ने नगर में लगे भाजपा के झंडों और नेताओं के होर्डिंग भी गिरा दिए। अधिकांश युवा हाथों में डंडे लेकर प्रदर्शन में शमिल हुए। इधर, भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के पूर्व विधायक पर युवाओं को भड़काने का आरोप लगाया है। कहा कि कांग्रेस का पास खुद विरोध प्रदर्शन के लिए कार्यकर्ता नहीं हैं। लिहाजा पूर्व विधायक युवाओं की आड़ में खुद को चमकाने की कोशिश कर रहे हैं।

संबंधित समाचार