रुद्रपुर: प्रदर्शन की सुगबुगाहट, पुलिस अलर्ट
रुद्रपुर, अमृत विचार। अग्निपथ योजना के विरोध की लपटें रुद्रपुर तक पहुंचने की संभावनाएं बढ़ गई हैं। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने युवाओं से शनिवार को रोडवेज बस स्टैंड के समीप एकत्रित होने की अपील जारी की है। व्हाट्सएप ग्रुप पर इस तरह के मैसेज वायरल होने से पुलिस की नींद उड़ …
रुद्रपुर, अमृत विचार। अग्निपथ योजना के विरोध की लपटें रुद्रपुर तक पहुंचने की संभावनाएं बढ़ गई हैं। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने युवाओं से शनिवार को रोडवेज बस स्टैंड के समीप एकत्रित होने की अपील जारी की है। व्हाट्सएप ग्रुप पर इस तरह के मैसेज वायरल होने से पुलिस की नींद उड़ गई। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अधीनस्थों के साथ बैठक कर पूरे जिले को लेकर रणनीति तैयार की। गली-मोहल्ले तक सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया है।
शुक्रवार की व्हाट्सएप के कुछ ग्रुपों में कुछ लोगों ने अग्निपथ योजना के विरोध में संदेश जारी किये। साथ ही शनिवार को रोडवेज के समीप सुबह आठ बजे एकत्रित होने संदेश जारी किया। इस संदेश की भनक लगते ही खुफिया एजेंसियों को लगी तो एजेंसियां तहकीकात में जुट गईं। पता चला कि किच्छा, काशीपुर, खटीमा सहित जिले के युवाओं को जिला मुख्यालय पर एकत्रित होने का संदेश जारी किया गया है।
पड़ताल की तो पता चला है कि संदेश भेजने वाले कुछ युवा भर्ती परीक्षा दे चुके है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस कार्यालय में अधीनस्थों के साथ बैठक की और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधीनस्थों को अलर्ट कर दिया। कहा गया कि युवाओं पर पैनी नजर रखी जाये। उन्हें गली-मोहल्लों में ही रोका जाये। यदि युवाओं की भीड़ एकत्रित हो तो उसकी पूरी वीडियोग्राफी कराई जाये।इस मौके पर एसपी सिटी मनोज सिंह कत्याल, सीओ सदर अभय सिंह,सीओ आशीष भारद्वाज आदि मौजूद थे।
एसएसपी में सोशल मीडिया पर जारी की अपील
रुद्रपुर। एसएसपी डॉ. मजूनाथ टीसी ने इसको लेकर सोशल मीडिया पर संदेश भी जारी किया। उन्होंने कहा कि युवा किसी के भड़कावे में न आये। यदि कोई विरोध प्रदर्शन करना है तो उसके लिए पहले से अनुमति ली जाये। शांतिपूर्ण व लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति दी जायेगी। हिंसक प्रदर्शन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
