हल्द्वानी: सरकारी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत
हल्द्वानी, अमृत विचार। सरकारी अस्पताल में प्रसव के बाद घर पहुंची महिला की हालत अचानक बिगड़ गई। उसे रक्तस्राव होने लगा और कुछ ही पल में उसकी मौत हो गई। हालांकि परिजन तेजी दिखाते हुए उसे एसटीएच लेकर पहुंचे, लेकिन यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसाई नगर धमोला निवासी रवि ने बताया …
हल्द्वानी, अमृत विचार। सरकारी अस्पताल में प्रसव के बाद घर पहुंची महिला की हालत अचानक बिगड़ गई। उसे रक्तस्राव होने लगा और कुछ ही पल में उसकी मौत हो गई। हालांकि परिजन तेजी दिखाते हुए उसे एसटीएच लेकर पहुंचे, लेकिन यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसाई नगर धमोला निवासी रवि ने बताया कि प्रसव पीड़ा के चलते पत्नी आस्था को उसने कालाढूंगी स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां दो दिन पूर्व उसने एक बच्चे को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा की हालत ठीक होने पर दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। जिसके बाद रवि दोनों को घर ले आया। रवि का कहना है कि घर पहुंचने के बाद अचानक आस्था की हालत बिगड़ गई। उसे रक्तस्राव शुरू हो गया। अत्यधिक रक्तस्राव होने से आस्था की हालत और बिगड़ गई।
उसे आनन-फानन में एसटीएच ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह पता चल सकेगी।
मुखानी में झोलाछाप बंगाली डाक्टर बना था मौत की वजह
हल्द्वानी। इससे मिलता-जुलता एक मामला मुखानी थानाक्षेत्र में हुआ था। यहां गैस गोदाम रोड जीना कालोनी निवासी महिपाल अपनी पत्नी अनीता (24) के साथ रहता था। अनीता छह माह के गर्भ से थी। बीते मंगलवार को उसे पेट दर्द हुआ और महिपाल घर के पास स्थित बंगाली चिकित्सक के पास ले गया। दिन में बंगाली चिकित्सक ने दवा दी और आराम नहीं मिला तो शाम इंजेक्शन दे दिया। जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई।
