सहारनपुर: मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर गंगोह को तहसील बनाने की प्रक्रिया शुरू
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में स्थित गंगोह कस्बा को तहसील मुख्यालय बनाने की प्रक्रिया शुरु कर दी गयी है जिससे इस कस्बे को पिछड़ेपन और उपेक्षा के दुश्चक्र से बाहर लाया जा सके। गंगोह के भाजपा विधायक चौधरी कीरत सिंह की मांग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी स्वीकृति देते हुए राजस्व परिषद …
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में स्थित गंगोह कस्बा को तहसील मुख्यालय बनाने की प्रक्रिया शुरु कर दी गयी है जिससे इस कस्बे को पिछड़ेपन और उपेक्षा के दुश्चक्र से बाहर लाया जा सके। गंगोह के भाजपा विधायक चौधरी कीरत सिंह की मांग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी स्वीकृति देते हुए राजस्व परिषद के आयुक्त अरूण कुमार शुक्ला को गंगोह को तहसील बनाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री का निर्देश मिलने के बाद आयुक्त अरूण कुमार शुक्ला ने जिला प्रशासन को पत्र भेजकर इस संबंध में उनकी आख्या मांगी है। जिलाधिकारी अखिलेश सिह ने शुक्रवार को बताया कि नकुड़ के उपजिलाधिकारी को नई तहसील में शामिल होने वाले प्रस्तावित गांवों, नगर पंचायत, नगर पालिका आदि के बारे में रिपोर्ट तैयार कर भेजने के निर्देश दिए हैं। सिंह ने बताया कि वह मंडल आयुक्त डा. लोकेश एम के जरिए नई तहसील बनने के लिए शासन को अपनी आख्या भेजेंगे।
गौरतलब है कि सहारनपुर जिले में अभी पांच तहसीलें हैं। जिनमें सहारनपुर, बेहट, नकुड़, देवबंद और रामपुर मनिहारान शामिल हैं। रामपुर मनिहारान को भी कुछ वर्ष पूर्व ही नई तहसील बनाया गया था। गंगोह को तहसील बनाने का प्रयास इससे पूर्व भाजपा के मौजूदा सांसद एवं तत्कालीन विधायक प्रदीप चौधरी ने 2013 में शुरू किया था, लेकिन वह मामला बीच में ही लटक गया था।
गंगोह को नई तहसील बनाने के लिए नकुड़ तहसील के 182 गांवों को प्रस्तावित गंगोह तहसील में शामिल किया जाएगा। गंगोह तहसील में गंगोह नगर पालिका परिषद, गंगोह ब्लाक, तीतरो नगर पंचायत, अम्बेहटा पीर, दुधला को भी शामिल किया जाना प्रस्तावित है। इस तहसील में गंगोह और तीतरो थाना क्षेत्र को भी शामिल किया जाएगा। गंगोह के प्रमुख लोगों ने विधायक चौधरी कीरत सिंह के प्रयासों की सराहना की और उम्मीद जताई कि मौजूदा मुख्यमंत्री जल्द ही गंगोह को नई तहसील देने का काम करेंगे।
यह भी पढ़ें:-मुख्यमंत्री योगी ने लखनऊ के हाईस्कूल के मेधावी छात्र-छात्राओं से की मुलाकात
