काशीपुर: नोटिस तामील कराने पहुंची पुलिस टीम के साथ हाथापाई, वर्दी फाड़ी, दो महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
काशीपुर, अमृत विचार। एक मुकदमे में नोटिस तामील कराने पहुंची पुलिस टीम के साथ दो महिलाओं ने गाली-गलौज कर हाथापाई कर वर्दी फाड़ दी। हाथापाई में एसआई चोटिल हो गये। इस संबंध में एसआई ने उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराते हुए कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने एसआई जितेन्द्र कुमार की तहरीर पर सरकारी …
काशीपुर, अमृत विचार। एक मुकदमे में नोटिस तामील कराने पहुंची पुलिस टीम के साथ दो महिलाओं ने गाली-गलौज कर हाथापाई कर वर्दी फाड़ दी। हाथापाई में एसआई चोटिल हो गये। इस संबंध में एसआई ने उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराते हुए कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने एसआई जितेन्द्र कुमार की तहरीर पर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने तथा पुलिस कर्मियों के साथ गाली-गलौज कर अभद्रता करने समेत संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिये हैं।
कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि पुलिस उपाधीक्षक काशीपुर के आदेश पर 25 जून की शाम करीब 6:30 बजे वह कांस्टेबल और एक महिला कांस्टेबल के साथ एक मुकदमें में सीआरपीसी का नोटिस तामील कराने के लिए हरगनिया कॉलोनी टांडा उज्जैन गये थे। आरोपी ऊषा, चन्द्रभान सिंह, तारावती व सोमपाल सिंह निवासीगण हरगनिया कालोनी टांडा उज्जैन काशीपुर के घर पहुंचे तो घर पर तारावती मिली। जिसको मुकदमे से अवगत कराकर धारा 41क सीआरपीसी का नोटिस तामील करने व अपने बयान अंकित कराने के लिये क्षेत्राधिकारी काशीपुर के कार्यालय में आने के लिए बताया गया।
नोटिस तामील कराने के बाद एसआई जितेंद्र कुमार पुलिस कर्मियों के साथ टांटा चौराहे पर पहुंचे। तो आरोपी ऊषा मिली जिसको नोटिस तामिल करने व बयान अंकित कराने के लिये क्षेत्राधिकारी के कार्यालय आने के लिए बताया गया। जैसे ही पुलिस कर्मी आरोपियों को मुकदमा के बारे में बताकर क्षेत्राधिकारी कार्यालय की तरफ चलने लगे तो अचानक ऊषा ने गाली-गलौज करते हुए एसआई जितेंद्र कुमार का कालर पकड़ लिया और कमीज की जेब फाड़ दी। आरोपी महिला ने सीटी डोरी और नेम प्लेट भी तोड़ दी।
आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि मेरा पति फौज में है, मैं तुम लोगों से नहीं डरती। तुम पुलिस वालों को सिखाऊंगी कि तुम मुझे ऑफिस कैसे बुलाते हो। आरोप है कि ऊषा के साथ तारावती ने भी एसआई जितेन्द्र कुमार और पुलिस कर्मियों के साथ गाली गलौज व जान से मारने की धमकी दी।
