हल्द्वानी: रोडवेज के लिए मांगी 500 बसें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। परिवहन निगम का अस्तित्व बचाने के लिए रोडवेज कर्मचारियों ने सरकार से 500 रोडवेज बसें मांगी हैं। साथ ही निगम के बजट में की गई कटौती पर भी निराशा जताई है। कहा कि सरकार को अपने इस फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए। उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ की क्षेत्रीय बैठक मंगलवार को हल्द्वानी …

हल्द्वानी, अमृत विचार। परिवहन निगम का अस्तित्व बचाने के लिए रोडवेज कर्मचारियों ने सरकार से 500 रोडवेज बसें मांगी हैं। साथ ही निगम के बजट में की गई कटौती पर भी निराशा जताई है। कहा कि सरकार को अपने इस फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए।
उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ की क्षेत्रीय बैठक मंगलवार को हल्द्वानी स्थित कार्यालय में हुई।

इस दौरान क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नरेंद्र पलड़िया ने कहा कि निगम का अस्तित्व बचाना एक चुनौती है। ये तभी संभव हो सकेगा जब रोडवेज को कम से कम 500 नई बसें सरकार दे। उन्होंने कहा कि सरकार ने परिवहन निगम का बजट बढ़ाने के बजाय कटौती करने का काम किया है। सरकार के इस फैसले से संगठन और कार्मिकों में घोर निराशा है।

क्षेत्रीय सदस्य नवनीत कपिल और रामप्रीत यादव ने संगठन की शाखाओं के चुनाव कराए जाने पर जोर दिया। कहा कि शाखाओं के चुनाव जुलाई में करा लिए जाएं, जिसके बाद एक दिवसीय क्षेत्रीय सम्मेलन भी कराया जाएगा। क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकुमार प्रभाकर ने कहा कि पूर्व में रोडवेज प्रबंधन से हुई वार्ता के अनुरूप किसी भी बिंदु पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। ऐसे में जल्द ही एक पत्र प्रबंधन को भेजकर बिंदुओं की याद दिलाई जाएगी। फिर भी कोई कार्रवाई न हुई तो संगठन आंदोलन और सत्याग्रह करने को मजबूर होगा। बैठक में विनोद वर्मा, ललित मोहन पांडे, तारा चंद्र जोशी, रूप सिंह, महेश राणा, कौशल कुमार, वीरेंद्र सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार