हल्द्वानी: गौला नदी का जलस्तर 260 क्यूसेक पहुंचा, पेयजल संकट बढ़ा
हल्द्वानी, अमृत विचार। झमाझम बारिश के बाद शनिवार को गौला का जल स्तर 260 क्यूसेक तक पहुंच गया। हालांकि यह सामान्य से अधिक तो नहीं रहा, लेकिन इस बढ़ते जल स्तर के कारण जल संस्थान को पानी फिल्टर प्लांट तक लाने में असुविधाओं का सामना करना पड़ा। इस वजह से शीतला हाट क्षेत्र की 30 …
हल्द्वानी, अमृत विचार। झमाझम बारिश के बाद शनिवार को गौला का जल स्तर 260 क्यूसेक तक पहुंच गया। हालांकि यह सामान्य से अधिक तो नहीं रहा, लेकिन इस बढ़ते जल स्तर के कारण जल संस्थान को पानी फिल्टर प्लांट तक लाने में असुविधाओं का सामना करना पड़ा। इस वजह से शीतला हाट क्षेत्र की 30 हजार से ज्यादा की आबादी को पेयजल संकट से जूझना पड़ा।
मानसून आते ही गौला की पेयजल सप्लाई लड़खड़ाने लगती है। शनिवार को हुई बारिश ने फिर से लोगों की दुश्वारियां बढ़ा दीं। गौला नदी का पानी पेयजल सप्लाई के लिए फिल्टर प्लांट लाया जाता है। यहां से फिर पेयजल लाइनों के माध्यम से शहर व ग्रामीण इलाकों में सप्लाई किया जाता है। शहर व ग्रामीण क्षेत्रों की 60 फीसदी आबादी गौला की सप्लाई पर निर्भर है। करीब दो लाख लोगों की प्यास गौला के पानी से ही बुझाई जाती है। शनिवार को शहर के अन्य क्षेत्रों में तो कम फ्लो के साथ पानी की सप्लाई जारी रही, लेकिन शीतला हार्ट क्षेत्र में पानी का संकट रहा। पानी नहीं आने से लोगों को पानी के लिए भटकने को मजबूर होना पड़ा। एई नीरज तिवारी ने बताया कि सिल्ट आने की वजह से यह दिक्कत हुई है। सिल्ट हटने के बाद सप्लाई बेहतर कर दी जाएगी।
