बरेली: ओपीडी में थककर जमीन पर लेट गए मरीज
अमृत विचार, बरेली। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं, लेकिन विभागीय उदासीनता के चलते मरीजों को इलाज की जगह दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को ओपीडी में फिजिशियन के कमरों के बाहर मरीजों की लंबी लाइन थी, लेकिन डॉक्टरों की संख्या कम होने के चलते …
अमृत विचार, बरेली। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं, लेकिन विभागीय उदासीनता के चलते मरीजों को इलाज की जगह दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को ओपीडी में फिजिशियन के कमरों के बाहर मरीजों की लंबी लाइन थी, लेकिन डॉक्टरों की संख्या कम होने के चलते मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। सुबह 8 बजे लाइन में लगे मरीजों को करीब 2 घंटे बाद इलाज मिल सका। कई मरीज थककर जमीन पर ही लेट गए। सोमवार को ओपीडी में कुल 1896 मरीज पहुंचे।
घंटों लाइन में लगने के कारण बेहोश होकर गिरे दो मरीज
ओपीडी में सबसे अधिक मरीज फिजीशियन के पास पहुंचते हैं। बीते दिनों जिला अस्पताल में तैनात रहे वरिष्ठ फिजिशियन डा. आशु अग्रवाल का तबादला मुरादाबाद हो गया है। ऐसे में अब जिला अस्पताल में ओपीडी में दो फिजिशियन मरीज देख रहे हैं। सोमवार को एक फिजिशियन की कुर्सी खाली थी। ओपीडी में इलाज कराने आए मरीज घंटों इंतजार के बाद जमीन पर ही बैठ गए। वहीं गर्मी के चलते दो मरीज ओपीडी हाल में बेहोश होकर गिर पड़े। करीब आधे घंटे बाद एक कर्मचारी की नजर पड़ी तो वह स्ट्रेचर लेकर आया लेकिन एक मरीज अपने तीमारदार के साथ ओपीडी के मुख्य द्वार पर ही लेटा रहा। जिला अस्पताल में 43 डॉक्टरों के पद सृजित हैं। इनमें से 17 पद रिक्त हैं।
डॉ. मेघ सिंह, अपर निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक, जिला अस्पताल-
अस्पताल में स्वीकृत पद के सापेक्ष डॉक्टरों की संख्या काफी कम है। एक फिजिशियन का तबादला दूसरे जनपद में हो गया है। हालांकि, ओपीडी में सभी डॉक्टरों को समय से मरीज देखने के आदेश दिए हैं।
ये भी पढ़ें- बरेली: नैनीताल हाइवे पर महिला के कुंडल लूटकर बदमाश हुए फरार, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
