नैनीताल: तीन दिन से लापता युवक का शव खाई में मिला
नैनीताल, अमृत विचार। नैनीताल-भवाली रोड पर पाइंस क्षेत्र में 200 मीटर गहरी खाई में तीन दिन से लापता युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने करीब तीन घंटे रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को खाई से बाहर निकाला। मल्ला निगलाट ग्राम निवासी मुकेश टम्टा (35) कारपेंटर का काम करता …
नैनीताल, अमृत विचार। नैनीताल-भवाली रोड पर पाइंस क्षेत्र में 200 मीटर गहरी खाई में तीन दिन से लापता युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने करीब तीन घंटे रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को खाई से बाहर निकाला। मल्ला निगलाट ग्राम निवासी मुकेश टम्टा (35) कारपेंटर का काम करता है। हाल में वह नैनीताल के मनोरा क्षेत्र में काम कर रहा था। इस दौरान वह घर से ही आवाजाही कर रहा था, लेकिन कभी-कभी वह मनोरा में भी रूक जाया करता था।
चार जुलाई को मुकेश ने घर पर फोन कर पत्नी को रात तक घर आने की सूचना दी, लेकिन मुकेश रात को घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने सोचा कि वह मनोरा में ही रूक गया है। जब उसे फोन किया गया तो उसका नंबर बंद आया। अगले दिन जब पत्नी ने मनोरा में फोन कर पूछा तो वहां अन्य काम करने वाले लोगों ने बताया कि मुकेश चार जुलाई को ही नैनीताल से निकल गया था, जिसके बाद परिजनों ने बुधवार को भवाली और नैनीताल क्षेत्र में मुकेश को तलाशा। इस दौरान नैनीताल भवाली रोड पर मुकेश का स्कूटर सड़क किनारे खड़ा मिला।
परिजनों ने पास जाकर देखा तो खाई की ओर एक चप्पल भी मिल गयी। जिस पर परिजनों ने मुकेश के खाई में गिरने की आशंका जताई। खाई में 200 मीटर उतर कर देखा तो उनको मुकेश का शव बरामद हो गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों का पता लगेगा।
