बाजपुर: दौलत-लालपुरी मार्ग की बदहाली पर ग्रामीणों का प्रदर्शन
बाजपुर, अमृत विचार। करीब एक दशक से बुरी तरह क्षतिग्रस्त बेरिया दौलत-लालपुरी मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त मार्ग में खड़े होकर विरोध स्वरूप प्रदर्शन किया। उन्होंने मार्ग का निस्तारण न होने की दशा में आंदोलन की चेतावनी दी। शुक्रवार को काफी संख्या में ग्रामीण जिला पंचायत सदस्य अजीतपाल सिंह की अगुवाई …
बाजपुर, अमृत विचार। करीब एक दशक से बुरी तरह क्षतिग्रस्त बेरिया दौलत-लालपुरी मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त मार्ग में खड़े होकर विरोध स्वरूप प्रदर्शन किया। उन्होंने मार्ग का निस्तारण न होने की दशा में आंदोलन की चेतावनी दी।
शुक्रवार को काफी संख्या में ग्रामीण जिला पंचायत सदस्य अजीतपाल सिंह की अगुवाई में एकत्रित हुए और बुरी तरह क्षतिग्रस्त बेरिया दौलत-लालपुरी मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर विरोध स्वरूप प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि बेरिया दौलत से उनके गांव को जाने वाला करीब दो किलोमीटर मार्ग पिछले 10 वर्षों से क्षतिग्रस्त स्थिति में है।
बारिश के दिनों में मार्ग में बने गड्ढों में कीचड़ व पानी जमा होने से ग्रामीणों को आवगमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीण तमाम जनप्रतिनिधियों के साथ ही शासन-प्रशासन में इस समस्या को रख चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।
जिपं सदस्य अजीतपाल ने बताया कि वह इस मांग को लेकर काफी लंबे समय से संघर्ष करते आ रहे हैं, परंतु ग्रामीणों की इस समस्या का समाधान नहीं हुआ है। वहीं ग्रामीणों ने उनकी मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य रुपिंदर गिल, उप प्रधान निर्मल सिंह, राहुल, राजू, गौरव आदि मौजूद थे।
