New UK PM : पांच सितंबर को होगी ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री की घोषणा, 11 उम्मीदवारों ने पेश की दावेदारी
लंदन। ब्रिटेन में सत्ताधारी कंजर्वेटिव पार्टी ने जानकारी दी है कि यूके के नए प्रधानमंत्री की घोषणा पांच सितंबर होगी। फिलहाल इस्तीफा दे चुके बोरिस जॉनसन को तब तक के लिए कार्यभार संभालने के लिए कहा गया है। वर्तमान में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद के लिए कुल 11 उम्मीदवार मैदान में हैं। ऋषि सुनक पीएम …
लंदन। ब्रिटेन में सत्ताधारी कंजर्वेटिव पार्टी ने जानकारी दी है कि यूके के नए प्रधानमंत्री की घोषणा पांच सितंबर होगी। फिलहाल इस्तीफा दे चुके बोरिस जॉनसन को तब तक के लिए कार्यभार संभालने के लिए कहा गया है। वर्तमान में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद के लिए कुल 11 उम्मीदवार मैदान में हैं।
ऋषि सुनक पीएम पद के प्रबल दावेदार
बोरिस जॉनसन कैबिनेट में वित्त मंत्री रहे ब्रिटिश भारतीय ऋषि सुनक को पीएम पद के लिए सबसे मजबूत उम्मीदवारों में से एक माना जा रहा है। इसी बीच ब्रिटेन की विदेश मंत्री लिज ट्रेस भी प्रधानमंत्री बनने की रेस शामिल हो गई हैं। 1922 समिति के अध्यक्ष सर ग्राहम ब्रैडी ने कहा, ”निश्चित ही पांच सितंबर को हमारे पास निष्कर्ष होगा और पार्टी का नया नेता निर्वाचित होगा और उसकी घोषणा की जाएगी।”
सुनक ने जुटाया ब्रिटिश प्रधानमंत्री पद की दौड़ में नामांकन के लिए आवश्यक समर्थन
ब्रिटेन के पूर्व वित्त मंत्री ऋषि सुनक अगले प्रधानमंत्री और कंजर्वेटिव पार्टी के नेता पद के लिहाज से उन शुरुआती उम्मीदवारों में शामिल हो गये हैं जिन्होंने अपने नामांकन के लिए संसद के 20 कंजर्वेटिव पार्टी सदस्यों के समर्थन की सीमा को पार कर लिया है। बोरिस जॉनसन की जगह नये प्रधानमंत्री के चुनाव के लिए नामांकन औपचारिक रूप से शुरू होने के साथ यॉर्कशायर के रिचमंड से 42 वर्षीय ब्रिटिश भारतीय सांसद सुनक दौड़ में आगे माने जा रहे हैं। इस पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले नेताओं के पास नामांकन दाखिल करने के लिए स्थानीय समयानुसार शाम 6 बजे तक का समय है।
पीएम पद की दौड़ में ये भी शामिल
इस दौड़ में भारतवंशी अटॉर्नी जनरल सुएला ब्रेवरमैन, विदेश मंत्री लिज ट्रस, नाइजीरियाई मूल की केमी बादेनोक, पूर्व विदेश मंत्री जेरेमी हंट, परिवहन मंत्री ग्रांट शेप्स, विदेश कार्यालय में अधिकारी रहमान चिश्ती और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री साजिद जाविद शामिल हैं। भारतीय मूल की गृह मंत्री प्रीति पटेल के बारे में कहा जा रहा है कि वह भी इस दौड़ में शामिल होने के बारे में सोच रही हैं और कंजर्वेटिव पार्टी के कट्टरपंथी ब्रेग्जिट समर्थक धड़े में अच्छा खासा समर्थन होने के साथ अंतिम समय तक नामांकन दाखिल कर सकती हैं। ब्रिटेन के नये प्रधानमंत्री का चुनाव पांच सितंबर को किया जाएगा और वह संसद में प्रधानमंत्री के समक्ष आरंभिक प्रश्नों का सामना सात सितंबर को करेंगे। टोरी सांसदों द्वारा मतदान का पहला चरण बुधवार को होना है। गुरुवार को दूसरे चरण के मतदान के बाद चरणबद्ध तरीके से अंतिम दो उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
ये भी पढ़ें : Sri Lanka Crisis : विदेश भागने की फिराक में थे राष्ट्रपति राजपक्षे के भाई, एयरपोर्ट पर कर्मचारियों की बगावत के बाद वापस लौटे
