हल्द्वानी: डेंगू-मलेरिया से बचने के लिए खुद करनी होगी पहल- जिलाधिकारी
हल्द्वानी, अमृत विचार। जिला प्रशासन ने मानसून सीजन में डेंगू, मलेरिया जैसी घातक बीमारियों से बचाव के लिए जनता से जागरूक होने की अपील की है। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सभी राजकीय व निजी अस्पतालों मे साफ-सफाई करने के निर्देश दिए। हिदायत दी कि यदि कहीं भी डेंगू का …
हल्द्वानी, अमृत विचार। जिला प्रशासन ने मानसून सीजन में डेंगू, मलेरिया जैसी घातक बीमारियों से बचाव के लिए जनता से जागरूक होने की अपील की है।
जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सभी राजकीय व निजी अस्पतालों मे साफ-सफाई करने के निर्देश दिए। हिदायत दी कि यदि कहीं भी डेंगू का मरीज मिलता है तो उस क्षेत्र की प्राथमिकता के आधार पर एक्टिव सर्विलांस के साथ ही मरीज का उपचार हो। अस्पतालों में डेंगू एवं वायरल की पर्याप्त दवाइयां, प्रतिदिन संवदेनशील स्थानों की मॉनीटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि जनता को स्वच्छता व बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करें।
डीएम ने नगर निगम, पालिका, नगर पंचायतों को सार्वजनिक स्थानों, संवेदनशील स्थानों व गंदगी वालों स्थानों पर कीटनाशक का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। इसी के साथ ही गली, मोहल्ला, कॉलोनियों में घरों का कूड़ा इकट्ठा करने वाले स्थानों की सफाई नियमित तौर पर करने और आंतरिक मार्गों को गड्ढा मुक्त करने को कहा ताकि डेंगू का लार्वा नहीं पनप सके।
उन्होंने अपर मुख्य अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों में गंदगी वाले क्षेत्रों की सफाई व स्वच्छता समितियों की मदद से जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। जल संस्थान के अधिकारियों को शुद्ध जल की आपूर्ति, जलापूर्ति वितरण केंद्रों, टैंकों आदि की सफाई की जाए। पेयजल लाईनों के क्षतिग्रस्त होने से दूषित पानी की आपूर्ति का खतरा बना रहता है इसलिए क्षतिग्रस्त लाइनों को शीघ्र मरम्मत कराई जाए।
घरों के आसपास सफाई बनाए रखें
जिलाधिकारी गर्ब्याल ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि गमलों के पानी को हर हफ्ते बदलते रहें। डेंगू के रोगी मच्छरदानी का इस्तेमाल करें। घरों के आसपास साफ-सफाई की जाए। कचरे को नियत स्थान पर ही फेंके। घरों के कूलर, टैंक, ड्रम, बाल्टी आदि के पानी खाली करें।
