अल्मोड़ा: कनेक्शन मिला नहीं और थमा दिये बिल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। जल जीवन मिशन योजना के तहत चलाई जा रही हर घर नल, हर घर जल योजना में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। जिले के विकास खंड भैंसियाछाना के हरड़ा गांव में विभाग ग्रामीणों को पेयजल योजना के कनेक्शन तो उपलब्ध नहीं करा पाया लेकिन इससे पहले विभाग ने ग्रामीणों को पानी …

अल्मोड़ा, अमृत विचार। जल जीवन मिशन योजना के तहत चलाई जा रही हर घर नल, हर घर जल योजना में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। जिले के विकास खंड भैंसियाछाना के हरड़ा गांव में विभाग ग्रामीणों को पेयजल योजना के कनेक्शन तो उपलब्ध नहीं करा पाया लेकिन इससे पहले विभाग ने ग्रामीणों को पानी के भारी भरकम बिल जरूर पकड़ा दिए।

भैंसियाछाना विकास खंड के हरड़ा गांव के ग्रामीणों ने गांव में आयोजित खुली बैठक में ग्रामीणों ने कहा है कि इन दिनों सरकार की हर घर जल हर घर नल योजना चल रही है, जो हरड़ा गांव में अभी तक पूरी नहीं हुई है। यहां 112 परिवार रहते हैं। आठ घरों में तो योजना की सुविधा तक प्राप्त नहीं हुई है। कनेक्शन भी नहीं लगाए गए हैं। जिन घरों में कनेक्शन लगाए गए हैं, वहां पानी की सुविधा नहीं मिल पाई है।

योजना को जल्द पूरा करने और पानी के कनेक्शन हर घर को देने के लिए ग्रामीणों ने चार माह पूर्व ग्राम सभा की खुली बैठक में समस्या उठाई थी। इसके बाद भी आज तक कनेक्शन नहीं लगे, न ही नलों में पानी आया। इसके बावजूद विभाग ने हरड़ा गांव के ग्रामीणों को 603 रुपये का बिल थमा दिया है। उन्होंने कहा कि अगर बिल भेजने से पहले जांच कर ली जाती तो यह नौबत नहीं आती।

आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को बाध्य होना पड़ेगा। बैठक में नवीन सिंह रावत, सरस्वती देवी, तुलसी देवी, नीमा, भूपेंद्र सिंह, मदन सिंह, किशन सिंह, कुंदन सिंह, अर्जुन राम, महेंद्र राम, शोभा देवी आदि मौजूद रहे।

हरड़ा गांव में ग्रामीणों के पास गलती से बिल पहुंचे हैं, जिन्हें निरस्त किया जाएगा। गांव में अभी योजना के दूसरे चरण का कार्य बाकी है। जिसके पूरा होने के बाद सभी को पेयजल मुहैया करा दिया जाएगा।

– मंजुल मेहता, सहायक अभियंता, जलसंस्थान, अल्मोड़ा

संबंधित समाचार