काशीपुर: सड़क हादसों में फैक्ट्री कर्मी समेत दो लोगों की मौत
काशीपुर, अमृत विचार। दो अलग-अलग सड़क हादसों में अज्ञात वाहनों की चपेट में आकर फैक्ट्री कर्मी समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार कुंडा थाना क्षेत्र के हरियावाला निवासी राजू (40) पशुपति पेपर मिल में नौकरी करता था। मंगलवार …
काशीपुर, अमृत विचार। दो अलग-अलग सड़क हादसों में अज्ञात वाहनों की चपेट में आकर फैक्ट्री कर्मी समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार कुंडा थाना क्षेत्र के हरियावाला निवासी राजू (40) पशुपति पेपर मिल में नौकरी करता था। मंगलवार की देर शाम वह नौकरी कर वापस अपने घर आ रहा था। इसी बीच हरियावाला के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे 108 सेवा एंबुलेंस के माध्यम से इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में लाया गया।
जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने पीछे एक बेटा और बेटी को रोता बिलखता छोड़ गया है।
उधर एक अन्य घटना में मंगलवार की शाम बुढ़ानपुर अलीगंज निवासी जुबेर आलम (25) किसी काम से काशीपुर आया हुआ था। वह अपना काम खत्म कर मंगलवार की रात करीब 10:30 बजे घर वापस जा रहा था। इस दौरान अलीगंज रोड स्थित सफियापुर के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अविवाहित था और राजमिस्त्री का काम करता था। दोनों ही मामलों में पुलिस को अभी कोई तहरीर नहीं सौंपी गई है।
