हल्द्वानी: सफेद और गुलाबी कार्डों में अक्टूबर से फ्री राशन बंद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लक्ष्मण मेहरा, अमृत विचार, हल्द्वानी। सफेद और गुलाबी कार्ड धारकों के लिए फ्री राशन की योजना अक्टूबर माह से बंद होने जा रही है। जिले में करीब एक लाख 34 हजार सफेद और गुलाबी कार्ड धारक इस योजना से प्रभावित होने वाले हैं। फ्री राशन बंद होने के पीछे खाद्यान्न संकट बताया जा रहा है। …

लक्ष्मण मेहरा, अमृत विचार, हल्द्वानी। सफेद और गुलाबी कार्ड धारकों के लिए फ्री राशन की योजना अक्टूबर माह से बंद होने जा रही है। जिले में करीब एक लाख 34 हजार सफेद और गुलाबी कार्ड धारक इस योजना से प्रभावित होने वाले हैं। फ्री राशन बंद होने के पीछे खाद्यान्न संकट बताया जा रहा है।

केन्द्र व राज्य सरकार ने कोरोना महामारी के दौरान गरीब परिवारों को फ्री में राशन देने की योजना चलाई थी। इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार को पांच किलो राशन मुफ्त गया। पहले सरकार की मंशा इस योजना को मार्च 2022 तक चलाने की थी, लेकिन इसे छह महीने यानि सितंबर तक बढ़ा दिया गया। अब खाद्यान्न में आई भारी कमी से योजना को बंद किया जा रहा है। नैनीताल जिले में करीब दो लाख 40 हजार कार्ड धारक हैं, इसमें से एक लाख 34 हजार सफेद और गुलाबी कार्ड धारक हैं।

गेहूं की मात्रा में पहले से कटौती
गेहूं की पैदावार में कमी आने से सरकार ने राशन के कोटे में मिलने वाले गेहूं की मात्रा को पहले ही कटौती कर दी है। सरकार ने जहां पीले राशन कार्ड में गेंहू पूरी तरह से बंद कर दिया है। वहीं सफेद और गुलाबी कार्ड में मुफ्त मिलने वाले प्रति यूनिट तीन किलो गेहूं व दो किलो चावल में बदलाव कर एक किलो गेहूं व चार किलो चावल मुफ्त कर दिया है।

जिले में सफेद कार्डों के लिए 6 हजार यूनिट खाली
हल्द्वानी। अपात्र लोगों के राशन कार्ड सरेंडर होने से नैनीताल जिले में सफेद कार्डों के लिए छह हजार यूनिट खाली हो गई है। पूर्ति निरीक्षक रवि सनवाल ने बताया कि गरीब तबके तक खाद्यान्न योजना का लाभ देने के लिए जल्द अभियान चलाकर यूनिट को पूरा किया जायेगा। बता दें कि जिले में सरकारी नौकरी व पेंशन प्राप्त करने वाले लोग लंबे समय से सफेद राशन के तहत मिलने वाले मुफ्त राशन का फायदा उठा रहे थे। सरकार के आदेश के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने अपने कार्ड सरेंडर कराए हैं।

कार्ड अपडेट कराने को चक्कर काट रहे लोग
हल्द्वानी। राशन कार्ड अपडेट कराने के लिए क्षेत्रीय खाद्य कार्यालय में रोजाना सैकड़ों लोग चक्कर काट रहे हैं। लंबे समय से चल रही कार्ड अपडेट कराने की प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो पाई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार 5 हजार कार्ड धारकों में से 35 हजार लोगों के कार्ड अपडेट हो चुके हैं। जबकि 15 हजार कार्ड और अपडेट होने हैं।

संबंधित समाचार