खटीमा: अंतरराज्यीय चोर गिरोह के तीन शातिर आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खटीमा, अमृत विचार। पुलिस ने करीब 20 दिन पहले चकरपुर क्षेत्र के कुटरी गांव में एक घर से चोरी के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने के गहने व अन्य सामग्री बरामद कर ली है। तीनों आरोपियों पर यूपी व उत्तराखंड में चोरी …

खटीमा, अमृत विचार। पुलिस ने करीब 20 दिन पहले चकरपुर क्षेत्र के कुटरी गांव में एक घर से चोरी के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने के गहने व अन्य सामग्री बरामद कर ली है। तीनों आरोपियों पर यूपी व उत्तराखंड में चोरी के अनेक मामले दर्ज हैं।

कोतवाली पुलिस के अनुसार 25 जून को चकरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम कुटरी निवासी होशियार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने उसके घर में दिन दहाड़े हुई हजारों की चोरी की रिपोर्ट दर्ज की थी। इस मामले में ग्रामीणों ने चकरपुर चौकी पुलिस का घेराव भी किया था। इधर, सीओ भूपेंद्र सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर चोरी का माल बेचने की फिराक में एक बाइक में इस्लामनगर से पीलीभीत जा रहे आरोपियों को दबोच लिया।

जिनमें आरोपी यूपी के जिला बरेली के थाना हाफिज गंज, सैथल निवासी आरोपी कासिम उर्फ सोनी के कब्जे से पिठ्ठू बैग में एक तमंचा 315 बोर, 4 कारतूस, चोरी का एक सोने का मंगल सूत्र, एक सोने की अंगूठी, 4 पायल चांदी, 520 रुपए नकद बरामद हुए। जबकि जिला ऊधमसिंहनगर के थाना पुल भटटा, फिरोजपुर निवासी आरोपी इस्लाम उर्फ शुक्ला के कब्जे से एक सोने की अंगूठी, सोने की नथ, एक मांग टीका, एक लोंग बरामद हुई। तीसरे आरोपी खटीमा के इस्लामनगर वार्ड संख्या एक निवासी आरोपी जाकिर के कब्जे से एक जोड़ी सोने के कुंडल, सोने के चार गुटके, एक सोने की लोकेट बरामद हुई।

कोतवाली पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि एक दो माह पहले तीनों आरोपियों ने मिलकर कुटरी में एक घर से दिन दहाड़े चोरी की थी। चोरी का माल बिक नहीं पा रहा था जिस कारण वह बेचने पीलीभीत जा रहे थे। आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पुलिस में धारा 454, 380, 411, 420, 465, 467, 471 आईपीसी व आम्स एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस टीम में सीओ भंडारी, कोतवाल नरेश चैहान, चकरपुर पुलिस चैकी इंचार्ज एसआई प्रियांशु जोशी, बाजार चैकी इंचार्ज एसआई होशियार सिंह, कांस्टेबल मो, नासिर, नवीन रजवार, शहनवाज अंसारी, रमेश कुमार, हरीश जोशी, प्रेम प्रकाश शामिल रहे।

चोरी की बाइक में फर्जी नंबर लगा करते थे वारदात
खटीमा। बाजार चैकी इंचार्ज एसआई होशियार सिंह ने बताया कि तीनों चोरी के आरोपी शातिर किस्म के हैं। उनकी गिरफ्तारी में चोरी की सफेद बाइक के नजर आना अहम सुराग रहा। बाइक में नंबर यूपी 25बी एक्स 8316 था, जिसकी जांच की गई तो बाइक बरेली के एक व्यक्ति के नाम पर होने पर जानकारी लेने पर बताया गया कि उक्त बाइक को उसके घर में खड़ी है। इस पर खटीमा में उक्त नंबर फर्जी तौर पर घूम रही बाइक संदिग्ध हो गई। पूछताछ में आरोपी कासिम ने बताया कि चोरी की बाइक में वह मिलते जुलते नंबर प्लेट को लगाकर चोरी करते थे।

आरोपियों के खिलाफ यूपी व उत्तराखंड में दर्जन भर मुकदमे हैं दर्ज
खटीमा। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों चोरी के यूपी व उत्तराखंड के अलग-अलग थानों में करीब दर्जन भर मुकदमे दर्ज हैं। बाजार चैकी इंचार्ज एसआई होशियार सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पीलीभीत, खटीमा, सितारगंज, आरोपी कासिम के खिलाफ नबावगंज समेत अनेक स्थानों में करीब दर्जन भर चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आरोपी कासिम इनका गैंग लीडर है। जो चोरी की बाइक से पहले रैकी करते थे। जिन घरों में ताला लगा होता था, उनको निशाना बनाता था।
फोटो-16केटीएम01पी-खटीमा कोतवाली में चोरी के माल के साथ गिरफ्तार तीन आरोपी व पुलिस टीम।

जहरखुरानों ने बनाया शिकार
खटीमा। स्वतंत्रता दिवस के दिन क्षेत्र में अलग-अलग मामलों में घायल तीन लोगों का सरकारी अस्पताल में उपचार किया गया। जबकि एक व्यक्ति जहरखुरानी गिरोह का शिकार हुआ। जिसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार यात्रा के दौरान जहरखुरानी गिरोह का शिकार बने चकरपुर के नौगवांनाथ निवासी 23 वर्षीय नरेश को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में लाया गया। जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। जबकि अन्य मामलों में घायल ऊधमसिंहनगर निवासी हिमांशु , बनबसा निवासी राजीव, कुटरी निवासी बाबू सिंह को घायल हालत में अस्पताल में लाया गया। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कर पुलिस को सूचना भेजी गई।

संबंधित समाचार