अल्मोड़ा: बारिश ने जिले के 13 मार्गों पर लगाया ब्रेक
अल्मोड़ा, अमृत विचार। पहाड़ों में हो रही बारिश अब परेशानी का सबब बन रही है। बारिश के कारण जिले के 13 आंतरिक मोटर मार्ग यातायात के लिए पूरी तरह बंद हो गए हैं। जबकि जिला मुख्यालय पर पालिका की रानीधारा लिंक रोड पर दीवार भी भर भराकर गिर गई है। जिससे इस मार्ग पर हादसे …
अल्मोड़ा, अमृत विचार। पहाड़ों में हो रही बारिश अब परेशानी का सबब बन रही है। बारिश के कारण जिले के 13 आंतरिक मोटर मार्ग यातायात के लिए पूरी तरह बंद हो गए हैं। जबकि जिला मुख्यालय पर पालिका की रानीधारा लिंक रोड पर दीवार भी भर भराकर गिर गई है। जिससे इस मार्ग पर हादसे होने का डर बढ़ गया है।
पहाड़ों में पिछले एक-दो दिनों से लगातार रुक रुककर बारिश हो रही है। लेकिन शुक्रवार की रात हुई भारी बारिश के कारण अब जिले के 13 आतंरिक मोटर मार्गों पर पूरी तरह ब्रेक लग गया है। अनेक मार्गों पर बड़े-बड़े बोल्डर और मलबा आ गया है। लेकिन बारिश के कारण जेसीबी मशीनों को मलबा हटाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
फिलहाल लोक निर्माण विभाग इन मोटर मार्गों को यातायात के लिए नहीं खोल पाया है। जिस कारण अब हजारों की आबादी को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इधर शुक्रवार की रात हुई बारिश के कारण जिला मुख्यालय पर भी काफी नुकसान हुआ है। सबसे अधिक नुकसान पालिका के रानीधारा आतंरिक मोटर मार्ग को पहुंचा है।
इस मार्ग पर जगह जगह पर सडक़ों की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। जिस कारण अब इस संकरे मार्ग पर जोखिम बढ़ गया है। कई जगहों पर सडक़ों पर भी दरारें आ गई हैं। उल्लेखनीय है कि इस मार्ग पर स्थानीय लोगों के अलावा रानीधारा और आसपास स्थित कई स्कूलों के हजारों बच्चे प्रतिदिन आवागमन करते हैं। लेकिन मार्ग के क्षतिग्रस्त होने के कारण अब इस मार्ग पर बच्चों के लिए भी खतरा बढ़ गया है। इधर आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बंद मार्गों को खोलने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है।
जिले में कहां कितनी बारिश
अल्मोड़ा – 36.2 एमएम
रानीखेत – 9.9 एमएम
द्वाराहाट – 28.0 एमएम
चौखुटिया- 32.0 एमएम
सोमेश्वर – 66.0 एमएम
भिकियासैंण – 84.0 एमएम
जागेश्वर – 46.0 एमएम
ताकुला – 68.0 एमएम
सल्ट – 48.0 एमएम
मासी – 92.0 एमएम
जलस्तर
रामगंगा – 922.450 मीटर
कोसी – 1134.90 मीटर
=============
