अल्मोड़ा: दून से अल्मोड़ा ढाई घंटे देर से पहुंचा हेलीकॉप्टर
अल्मोड़ा, अमृत विचार। उड़ान योजना के तहत तीन सप्ताह पहले देहरादून से अल्मोड़ा के लिए शुरू हुई हेली सेवा आखिरकार शुरू हो गई। शुक्रवार को करीब ढाई घंटे के विलंब के बाद पवन हंस कंपनी का हेलीकॉप्टर कुछ यात्रियों को लेकर अल्मोड़ा पहुंचा। टाटिक हेलीपैड पर यात्रियों को छोडऩे के बाद वह फिर चार यात्रियों …
अल्मोड़ा, अमृत विचार। उड़ान योजना के तहत तीन सप्ताह पहले देहरादून से अल्मोड़ा के लिए शुरू हुई हेली सेवा आखिरकार शुरू हो गई। शुक्रवार को करीब ढाई घंटे के विलंब के बाद पवन हंस कंपनी का हेलीकॉप्टर कुछ यात्रियों को लेकर अल्मोड़ा पहुंचा। टाटिक हेलीपैड पर यात्रियों को छोडऩे के बाद वह फिर चार यात्रियों को लेकर पिथौरागढ़ की ओर रवाना हो गया। अल्मोड़ा में हेलीकॉप्टर देखने के लिए आसपास के कई लोग हेलीपैड पहुंचे थे।
उड़ान योजना के तहत 26 अगस्त को दून अल्मोड़ा हेली सेवा का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून से किया था। उस दिन हेलीकॉप्टर ने देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट से अल्मोड़ा के लिए उड़ान तो भरी। लेकिन मौसम खराब होने की वजह से हेलीकॉप्टर अल्मोड़ा नहीं पहुंच पाया। ठीक एक सप्ताह बाद दो सितंबर को भी मौसम खराब होने की वजह से हेलीकॉप्टर अल्मोड़ा नहीं पहुंच पाया था। तीसरे सप्ताह नौ सितंबर को हेलीकॉप्टर बड़ी मुश्किल से अल्मोड़ा पहुंच सका।
हेलीकॉप्टर सेवा प्रदाता कंपनी पवन हंस के अधिकारियों के मुताबिक शुक्रवार को हेलीकॉप्टर सुबह नौ बजकर चालीस मिनट पर देहरादून से उड़ान भरी। हेलीकॉप्टर को निर्धारित समय ग्यारह बजे टाटिक स्थित हेलीपैड में उतरना था। लेकिन मौसम खराब होने की वजह से हेलीकॉप्टर ढाई घंटे देरी से करीब डेढ़ बजे अल्मोड़ा पहुंचा।
हेलीकॉप्टर के विलंब से पहुंचने का कारण पंतनगर, हल्द्वानी में मौसम खराब होना बताया जा रहा है। हेलीकॉप्टर अल्मोड़ा से चार यात्रियों को लेकर पिथौरागढ़ के लिए रवाना हुआ। पिथौरागढ़ से चार यात्रियों को लेकर अल्मोड़ा पहुंचा। यहां से हल्द्वानी, पंतनगर होते हुए देहरादून को रवाना हुआ। पवन हंस के स्टेशन मैनेजर देवेंद्र पाल आर्या ने बताया कि हेलीकॉप्टर से विलंब के पीछे पहुंचने के कारण खराब मौसम रहा। उन्होंने कहा कि मौसम साफ होने पर निर्धारित समय पर हेलीकॉप्टर संबंधित स्टेशनों पर पहुंचेगा।
