T20 World Cup : टी20 विश्व कप से पहले फिट हुए जसप्रीत बुमराह-हर्षल पटेल, इस दिन होगा टीम इंडिया का ऐलान
मुंबई। भारत के शीर्ष तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और हर्षल पटेल टी20 विश्व कप 2022 के लिए टीम में वापसी करने को तैयार हैं, हालांकि दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घर में होने वाली टी20 शृंखलाओं के दौरान उनकी फिटनेस पर नजर रखी जाएगी। क्रिकबज ने रविवार को जारी रिपोर्ट में बीसीसीआई सूत्र के …
मुंबई। भारत के शीर्ष तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और हर्षल पटेल टी20 विश्व कप 2022 के लिए टीम में वापसी करने को तैयार हैं, हालांकि दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घर में होने वाली टी20 शृंखलाओं के दौरान उनकी फिटनेस पर नजर रखी जाएगी। क्रिकबज ने रविवार को जारी रिपोर्ट में बीसीसीआई सूत्र के हवाले से कहा कि बुमराह और हर्षल पूरी तरह फिट हैं और बेंगलुरु की राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में बिना किसी परेशानी के गेंदबाजी कर रहे हैं।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भारत की एशिया कप स्क्वाड की घोषणा करते हुए कहा था, “जसप्रीत बुमराह और हर्षल पटेल चोटों के कारण चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं। वे वर्तमान में बेंगलुरु में एनसीए में रिहैब कर रहे हैं।” क्रिकबज ने कहा कि बुमराह और हर्षल ने अपना रिहैब पूरा कर लिया है। दोनों गेंदबाज चोट के कारण एशिया कप में हिस्सा नहीं ले सके थे, जहां डेथ ओवर में खराब गेंदबाजी भारत की हार का एक प्रमुख कारण रही। बुमराह और हर्षल की टी20 विश्व कप 2022 के लिए टीम में वापसी लगभग तय है।
हालांकि दोनों गेंदबाज उससे पहले घर में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली टी20 शृंखलाओं में हिस्सा लेंगे जहां चयनकर्ता दोनों की गेंदबाजी का आंकलन करेंगे। टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का सेलेक्शन 15 या 16 सितंबर को हो सकता है। टी20 विश्व कप 2022 का आयोजन ऑस्ट्रेलिया में 16 अक्टूबर से 13 नवंबर के दौरान किया जाएगा। कुल 16 टीमें इस टूर्नामेंट में भाग लेंगी, जबकि ऑस्ट्रेलिया के सात शहरों में इसका आयोजन किया जाएगा।
ये भी पढ़ें : Asia Cup Final: आज एशिया को मिलेगा नया किंग, श्रीलंकाई शनाका करेंगे जीत का धमाका या बाबर लगाएंगे पाकिस्तान की नैया पार!
