हल्द्वानी: चोरों ने पहले चादर तानी, अबकी बार दीवार काटी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। नैनीताल रोड पर सवा करोड़ की चोरी के बाद चोरों ने रामपुर पर चोरी की एक और वारदात को अंजाम दे डाला। पहली चोरी को चादर की आड़ में अंजाम दिया गया और इस बार चोरों ने दीवार की काट डाली। कोरियर कंपनी में घटना को अंजाम देने वाले चोरों ने यहां …

हल्द्वानी, अमृत विचार। नैनीताल रोड पर सवा करोड़ की चोरी के बाद चोरों ने रामपुर पर चोरी की एक और वारदात को अंजाम दे डाला। पहली चोरी को चादर की आड़ में अंजाम दिया गया और इस बार चोरों ने दीवार की काट डाली। कोरियर कंपनी में घटना को अंजाम देने वाले चोरों ने यहां से पौने दो लाख रुपए पार कर दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस मौका मुआयना करने के बाद चोरों की तलाश में जुट गई।

गली नंबर आठ रामपुर रोड निवासी कुलदीप शर्मा की रामपुर रोड पर देशी शराब ठेके के पास ब्लू डाट कोरियर कंपनी की फ्रेंचाइजी है। कुलदीप की मानें तो हर रोज कंपनी से कैश लेकर घर निकलते हैं, लेकिन सोमवार को बुखार होने की वजह से वह शाम चार बजे ही घर चले गए और कैश कंपनी की दराज में रह गया। शाम सभी कर्मचारी ताला बंद कर घर चले गए।

अगली सुबह जब कंपनी का दरवाजा खोला तो देखा कि पिछले हिस्से में बना रोशनदान टूटा पड़ा था। पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि कंपनी के पीछे एक प्लॉट खाली पड़ा है, जिसमें बड़ी-बड़ी झाड़ियां हैं। चोर प्लॉट के रास्ते रोशनदान तक पहुंचे और दीवार को काट कर रोशनदान उखाड़ दिया। इसी रास्ते दाखिल हुए चोरों ने दराज में रखे पौने दो लाख रुपए समेट और फरार हो गए। सीओ सिटी भूपेंद्र सिंह दौनी का कहना है कि चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे।

चोर कंपनी के अंदर या फिर अंदर कोई खबरी
हल्द्वानी। जिस तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया है, उससे ये तो साफ हो गया है कि चोर या तो कंपनी के अंदर या फिर किसी अंदर वाले ने मुखबिरी की है। इसकी वजह ये है कि कुलदीप कंपनी में कैश छोड़कर कभी नहीं जाते थे और सोमवार को बुखार होने की वजह से वह जल्दी चले गए और उसी दिन कैश कंपनी में रह गया। ताज्जुब इस बात का है कि उसी रोज चोरी भी हो गई।

वारदात में शामिल हैं एक से ज्यादा लोग
हल्द्वानी। इतना तो साफ है कि वारदात में एक से अधिक लोग शामिल हैं। दरअसल, रोशनदान को उखाड़ने या दीवार काटने के लिए रोशनदान तक पहुंचना जरूरी है और रोशनदान काफी ऊंचाई पर था। ऐसे में चोर ने प्लॉट में पड़े छह से सात फीट लंबे और करीब डेढ़ से दो फीट चौड़े लकड़ी के गिल्टे रोशनदान तक ले गए और ऐसा कर पाना एक व्यक्ति के बस की बात नहीं है।

घोड़ासन के पीछे लगी है दो राज्यों की पुलिस
हल्द्वानी। नैनीताल रोड में सवा करोड़ की चोरी को अंजाम देने वाले घोड़ासन गैंग अभी पुलिस की पहुंच से दूर नहीं निकला है। हल्द्वानी में वारदात को अंजाम देने वाले गैंग ने यहां चोरी करने से पहले इंदौर में एक घड़ी के शोरूम में चोरी की घटना की थी। बताया जा रहा है कि अब इंदौर और हल्द्वानी की पुलिस एक साथ इस गैंग को ब्रेक करने की जुगत में लगे हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा है।

संबंधित समाचार