गोरखपुर: सीएम योगी ने की समीक्षा बैठक, कहा- अमृत सरोवरों में दी जाए बोटिंग की सुविधा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत बने और बन रहे अमृत सरोवरों में लोगों को बोटिंग की सुविधा देने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि जो सरोवर धार्मिक परिसर में न हों, वहां मछली पालन भी किया जाए, जिससे आय भी हो सके। अमृत सरोवर को हर समय …

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत बने और बन रहे अमृत सरोवरों में लोगों को बोटिंग की सुविधा देने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि जो सरोवर धार्मिक परिसर में न हों, वहां मछली पालन भी किया जाए, जिससे आय भी हो सके। अमृत सरोवर को हर समय सुंदर बनाए रखा जाए।

गोरखनाथ मंदिर में मंगलवार शाम को अधिकारियों के साथ विकास, कानून व्यवस्था समेत विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा बैठक करते हुए सीएम योगी ने अमृत सरोवरों का भी हाल जाना। इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी विकास परियोजनाओं को नियत समय पर पूरा किया जाए। गुणवत्ता का पूरी तरह से ध्यान रखें। अधिकारी नियमित रूप से निगरानी करते रहें।

स्वास्थ्य तंत्र की समीक्षा करते हुए सीएम योगी ने कहा कि जिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर डाक्टरों की संख्या मानक से कम हो, वहां हेल्थ एटीएम जरूर लगाए जाएं। लोगों को बेहतर स्वास्थ्य के लिए तकनीक का भरपूर उपयोग किया जाए। हेल्थ एटीएम से लोगों को स्वास्थ्य जांच की बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि किस स्वास्थ्य केंद्र पर कितने डाक्टर की जरूरत है और कितने तैनात हैं। इसी तरह स्वास्थ्य कर्मियों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने दवाओं से लेकर अन्य सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी ली।

समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश ने नए कलेक्ट्रेट भवन का मानचित्र दिखाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भवन में आम लोगों की सुविधा का भी ख्याल रखा जाए। उनके बैठने, पीने के पानी, शौचालय आदि की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त होनी चाहिए। गो तस्करी में लगे लोगों पर सख्ती बरती जाए। उन्होंने कहा कि नशाखोरी पर पूरी तरह से लगाम लगाई जाए। नशीली दवाओं की रोकथाम का निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिया।

बैठक में एडीजी जोन अखिल कुमार, मंडलायुक्त रवि कुमार एनजी, जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश, एसएसपी गौरव ग्रोवर, जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह, नगर आयुक्त अविनाश सिंह, गीडा सीईओ पवन अग्रवाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आशुतोष कुमार दुबे आदि अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा

संबंधित समाचार