रुद्रपुर: दबंगों के खिलाफ भड़के टैपों चालक, सीओ सदर का किया घेराव
रुद्रपुर, अमृत विचार। ज्यादा वसूली नहीं देने पर सोमवार को हुई मारपीट के मामले में गुस्साए टैपों चालकों ने सिडकुल चौक पर बैठक की और सीओ सदर को बुलाकर वसूली करने के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जिस पर सीओ ने दो दिन का समय मांगा और चालकों से अपनी पुरानी यूनियन के माध्यम से …
रुद्रपुर, अमृत विचार। ज्यादा वसूली नहीं देने पर सोमवार को हुई मारपीट के मामले में गुस्साए टैपों चालकों ने सिडकुल चौक पर बैठक की और सीओ सदर को बुलाकर वसूली करने के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जिस पर सीओ ने दो दिन का समय मांगा और चालकों से अपनी पुरानी यूनियन के माध्यम से काम करने का आश्वासन दिया। कहा कि जबरन वसूली करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार को यूनियन नेता विजय वीर सिंह और कांग्रेस के कार्यकारी महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा समेत बड़ी संख्या में टैपों चालक सिडकुल मुख्य चौराहे पर इकट्ठा हुए और बैठक कर मारपीट किए जाने की निंदा की। इस दौरान उन्होंने सीओ सदर आशीष भारद्वाज का घेराव किया। उनका कहना था कि सत्ताधारी प्रतिनिधि के संरक्षण में सोमवार की दोपहर को कुछ युवक आए और नई यूनियन के नाम पर 30 रुपये प्रति चक्कर की वसूली करने लगे।
जब अवैध वसूली देने से इंकार किया, तो हमलावरों ने लाठियों से हमला कर तीन चालकों को घायल कर दिया और सवारियों से भी मारपीट की। उनका कहना था कि टैपों चालक नियमानुसार सवारियां ढो रहे हैं। ऐसे में दबंगई के बल पर वसूली गलत है। आरोप लगाया कि पुलिस को तहरीर देने के बाद दबंगों ने शिकायतकर्ता को डराया व धमकाया।
जिस पर सीओ भारद्वाज ने चालकों से दो दिन का समय मांगा और कहा कि चालक किसी भी प्रकार की कोई वसूली नहीं देगा और यदि कोई व्यक्ति जबरन वसूली करता है। तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई जाएगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि चालक अपनी पुरानी यूनियन के तहत टैपों की आवाजाही कर सकता है।
उधर, चालकों ने आगाह किया कि यदि चालकों को दबंगई के बल पर प्रताड़ित किया गया,तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर बंगाली नेता सुब्रत विश्वास, सुनील कोली, सोनू चौहान, विनोद सैनी, लाल सिंह, निताई मिस्त्री, मोहम्मद गुड्डू, वासुदेव, निखिल कुमार, राजेश कश्यप, राहुल कुमार आदि मौजूद रहे।
