हल्द्वानी: तस्कर भाइयों ने पुलिसकर्मी को पीटा, कुत्ते से कटवाया, आरोपी दबोचे
हल्द्वानी, अमृत विचार। पूछताछ से नाराज तस्कर भाइयों ने एक पुलिस कर्मी को बेरहमी से पीट डाला। इतने से भी मन नहीं भरा तो कुत्ते से कटवाकर लहूलुहान कर डाला। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने वाले दो सगे और एक सौतेले भाई ने सरकारी दस्तावेज और पुलिस कर्मी की बाइक भी लूट ली। …
हल्द्वानी, अमृत विचार। पूछताछ से नाराज तस्कर भाइयों ने एक पुलिस कर्मी को बेरहमी से पीट डाला। इतने से भी मन नहीं भरा तो कुत्ते से कटवाकर लहूलुहान कर डाला। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने वाले दो सगे और एक सौतेले भाई ने सरकारी दस्तावेज और पुलिस कर्मी की बाइक भी लूट ली। हालांकि घटना को अंजाम देने वाले शातिर ज्यादा देर तक छिप नहीं सके। तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मुखानी थानाक्षेत्र की आम्रपाली चौकी में तैनात कांस्टेबल कुंदन सिंह की मानें तो बीते सोमवार को वह सरकारी कार्य से अपनी मोटरसाइिकल से सरकारी डाक लेकर मुखानी थाने जा रहा था। रात के करीब नौ बजे कुंदन अभी एसबीआई लामाचौड़ के पास पहुंचा था कि तभी उसकी निगाह सड़क किनारे खड़ी बिना नंबर की कार पर पड़ी।
कार में कुछ संदिग्ध युवक नजर आने पर कुंदन ने अपनी बाइक कार के पास लगा दी और कार सवारों से पूछताछ करने लगे। जिस पर तीनों गाली-गलौज करते हुए कार से बाहर निकले और कुंदन पर हमला कर दिया। आरोप है कि जान से मारने की नीयत से आरोपियों ने डंडे से नाक पर हमला किया। कुंदन की वर्दी फाड़ डाली और नेम प्लेट तोड़ कर फेंक दी।
कुंदन ने बचने की कोशिश की तो उक्त युवकों ने उसके पीछे अपना कुत्ता दौड़ा दिया, जिसने कुंदन के दोनों पैरों का काट कर जख्मी कर दिया। जिसके बाद आरोपी कुंदन की बाइक और सरकारी दस्तावेज लेकर फरार हो गए। कुंदन का कहना है कि मारपीट के दौरान ही आरोपियों ने उनकी बाइक की चाबी छीन ली थी।
पुलिस कर्मी के साथ हुई घटना की खबर मिलते ही पुलिस टीमें कार सवारों की तलाश में लगा दी गईं। कुछ ही देर में पता लगा कि नाथूपुर पाडली के रहने वाले हमलावरों में से दो सगे भाई अमित सागर पुत्र पूरन चंद्र सागर और प्रदीप सागर उर्फ अमन पुत्र पूरन चंद्र सागर नशा तस्करी के मामले में पहले ही जेल जा चुके हैं। इनके खिलाफ कुंदन की तहरीर पर मुखानी थाने में केस दर्ज किया गया। तहकीकात में जुटी पुलिस को पता लगा कि तीसरा आरोपी पप्पू पुत्र पूरन चंद्र सागर उक्त दोनों का सौलेता भाई है।
मुखानी पुलिस ने तीनों को किरौला पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार कर लिया। मुखानी थानाध्यक्ष रमेश बोरा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया है।
