हल्द्वानी: टीबी मुक्त अभियान में दो रोगियों को मिली मंत्री अजय भट्ट की शरण
हल्द्वानी, अमृत विचार। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से संचालित राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को नगर निगम सभागार में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त अभियान की शुरुआत की गई। केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने भारत सरकार की अभियान का शुभारंभ किया। भारत सरकार द्वारा जनभागीदारी से वर्ष 2025 तक देश …
हल्द्वानी, अमृत विचार। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से संचालित राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को नगर निगम सभागार में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त अभियान की शुरुआत की गई। केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने भारत सरकार की अभियान का शुभारंभ किया। भारत सरकार द्वारा जनभागीदारी से वर्ष 2025 तक देश को टीबी मुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
प्रधानमंत्री टीबी मुक्त अभियान के तहत कोई भी सामान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, गैर सरकारी संस्थान, कॉपोरेट संस्थान, निक्षय मित्र बनकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिन्हित उपचाराधीन टीबी रोगियों में से स्वेच्छा से एक या अधिक रोगियों को एक से लेकर तीन सालों तक के लिए गोद ले सकते हैं।
संबंधित संगठन या व्यक्ति के द्वारा गोद लिए गए मरीज की समय-समय पर देखभाल के साथ ही प्रतिमाह पौष्टिक आहार दिया जाएगा, जिसमें अनाज, दाले, वनस्पति तेल, मूंगफली, दलिया, अंडा आदि शामिल हैं। इस मौके पर मंत्री अजय भट्ट ने निक्षय मित्र बन दो टीबी रागियों को उनके इलाज पूरा होने तक गोद लिया। वहीं कार्यक्रम में निक्षय मित्र के रूप में पंजीकृत दयासागर बिष्ट, प्रबंधक सैमफोर्ड स्कूल द्वारा उपलब्ध कराये गये पोषण आहार किट भी बांटे गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डा. भागीरथी जोशी, मुख्य चिकित्साधिकारी, ने की। इस दौरान उन्होंने बताया कि निक्षय मित्र बनने के लिए https://communitysupport.nikshay.in पर लॉगिन कर प्रधानमंत्री टीबी मुक्त अभियान पर पंजीकरण किया जा सकता है। अपनी सुविधानुसार रोगी निक्षय सहायता का चयन करें। टीबी रोगियों को मासिक किट देकर जांच व रोजगार से जुड़ी मदद करके अपना योगदान दे सकते हैं।
