अयोध्या: मंडल में बाराबंकी के किसान अव्वल, अयोध्या तीसरे पायदान पर
अमृत विचार, अयोध्या। किसानों से धान खरीद की प्रक्रिया एक नवंबर से शुरू हो जाएगी। धान बेचने के लिए किसानों को पंजीकरण कराना आवश्यक है। धान विक्रय के लिए पंजीकरण कराने में अयोध्या मंडल में बाराबंकी जिले के किसान सबसे आगे हैं। जबकि अयोध्या के किसान तीसरे पायदान पर हैं। खाद्य एवं रसद विभाग के …
अमृत विचार, अयोध्या। किसानों से धान खरीद की प्रक्रिया एक नवंबर से शुरू हो जाएगी। धान बेचने के लिए किसानों को पंजीकरण कराना आवश्यक है। धान विक्रय के लिए पंजीकरण कराने में अयोध्या मंडल में बाराबंकी जिले के किसान सबसे आगे हैं। जबकि अयोध्या के किसान तीसरे पायदान पर हैं। खाद्य एवं रसद विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो पूरे मंडल में अब तक 20486 किसानों ने धान विक्रय के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया है।
अयोध्या मंडल में आने वाले जिले बाराबंकी में 10508 किसानों ने पंजीकरण कराया है। अंबेडकरनगर में 4442, अयोध्या में 2265, अमेठी में 1765 व सुल्तानपुर में सबसे कम 1506 किसानों ने पंजीकरण कराया है। मंडल में 20486 पंजीकृत किसानों के सापेक्ष अब तक सिर्फ 4176 किसानों का ऑनलाइन सत्यापन हो चुका है।
शुक्रवार को धान खरीद वर्ष 2022-23 तैयारी की प्रगति को लेकर मंडलायुक्त नवदीप रिनवा ने अधिकारियों के साथ बैठक की थी। जिसमें उन्होंने अधिकारियों को सत्यापन में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। किसानों के पंजीकरण और सत्यापन के अलावा उन्होंने सभी केंद्रों को शत प्रतिशत ऑनलाइन फीडिंग को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। अयोध्या मंडल में ऑनलाइन पंजीकृत किसानों के सत्यापन के आंकड़ों पर नजर डालें तो अमेठी में 1161, अंबेडकरनगर में 161, अयोध्या में 894, बाराबंकी 708 व सुल्तानपुर में 197 किसानों का सत्यापन हो चुका है।
डिप्टी आरएमओ, अजित कुमार सिंह, ने बताया कि धान खरीद को लेकर किसानों का ऑनलाइन पंजीकरण जारी है। किसान खाद्य विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराते हैं जो रेवेन्यु पोर्टल पर प्रदर्शित होता है, ऑनलाइन पंजीकरण होने के बाद राजस्व विभाग उसका सत्यापन करता हैं। पंजीकरण और सत्यापन सतत प्रक्रिया है, जो अभी जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें… अयोध्या: जनौरा में जलभराव को लेकर भड़का जनाक्रोश, एडीए और नगर निगम के खिलाफ किया प्रदर्शन
