अल्मोड़ा: रणाऊं में किशोर पर तेंदुए ने किया हमला
अल्मोड़ा, अमृत विचार। विकास खंड लमगड़ा के रणाऊं गांव में तेंदुए ने एक चौदह वर्षीय किशोर पर अचानक हमला कर दिया। हमले में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया है। जबकि बेटे को बचाने तेंदुए से भिड़े उसके पिता भी घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए लमगड़ा सीएससी में भर्ती कराया गया …
अल्मोड़ा, अमृत विचार। विकास खंड लमगड़ा के रणाऊं गांव में तेंदुए ने एक चौदह वर्षीय किशोर पर अचानक हमला कर दिया। हमले में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया है। जबकि बेटे को बचाने तेंदुए से भिड़े उसके पिता भी घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए लमगड़ा सीएससी में भर्ती कराया गया है।
मंगलवार की देर शाम लमगड़ा तहसील के रणाऊं गांव निवासी चौदह वर्षीय आनंद सिंह बगड़वाल पुत्र पान सिंह बगड़वाल अपने घर से लगे रास्ते से कहीं जा रहा था। तभी घात लगाकर बैठे तेंदुए ने आनंद पर हमला कर दिया। चीख पुकार मचने के बाद गांव के लोग मदद को दौड़े और शोर मचाकर तेंदुए को वहां से भगाया।
बेटे को बचाने के लिए उसके पिता पान सिंह भी तेंदुए से भिड़ गए। जिस कारण तेंदुए के हमले में आनंद व उसके पिता पाल सिंह बुरी तरह घायल हो गए। आनन फानन में परिजन और ग्रामीण दोनों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा पहुंचे। जहां डॉ. नेमीचंद्र मीणा द्वारा घायल पिता पुत्र का उपचार किया।
मीणा ने बताया कि हमले में किशोर व उसके पिता के शरीर पर तेंदुए के पंजों के गहरे घाव बन गए हैं। इधर, दिन दहाड़े तेंदुए के हमले के बाद पूरे गांव में हड़कंप मचा हुआ है। महिलाओं, छोटे बच्चों और बुजुर्गों का घरों से निकलना दूभर हो गया है। ग्राम प्रधान आनंद धौनी, मंजू देवी, दीपा देवी, रंजीत बगडवाल, लमगड़ा ब्लॉक प्रमुख विक्रम बगडवाल ने वन विभाग के अधिकारियों को घटना की सूचना देकर तेंदुए को पकड़ने के लिए गांव में शीघ्र पिंजरा लगाने की मांग की है।
