हल्द्वानी: पार्षदों ने घेरी कोतवाली, गेट पर दिया धरना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम की महिला पार्षद और छात्रा से छेड़छाड़ के विरोध में शनिवार को पार्षदों ने कोतवाली का घेराव किया। उन्होंने मुख्य गेट पर धरना प्रदर्शन कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी न होने पर एसपी सिटी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। पार्षदों ने पुलिस के सुरक्षा दावों और …

हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम की महिला पार्षद और छात्रा से छेड़छाड़ के विरोध में शनिवार को पार्षदों ने कोतवाली का घेराव किया। उन्होंने मुख्य गेट पर धरना प्रदर्शन कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी न होने पर एसपी सिटी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। पार्षदों ने पुलिस के सुरक्षा दावों और कार्यप्रणाली पर भी जमकर सवाल उठाए।

नेता प्रतिपक्ष पार्षद रवि जोशी के नेतृत्व में पार्षद पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कोतवाली पहुंचे। जहां उन्होंने पुलिस के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। काफी देर तक अधिकारियों के न पहुंचने से पार्षदों का पारा चढ़ गया और उन्होंने कोतवाली गेट पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना था कि शहर में छेड़छाड़ की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। इससे महिलाओं व छात्राओं का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

आए दिन छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन पुलिस अपराधियों को पकड़ने में नाकाम साबित हो रही है। इतना ही नहीं चोरी की बढ़ती वारदातों से लोगों में भय का माहौल है। आमजन अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पार्षद जोशी ने कहा कि यदि तीन दिन के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो सभी पार्षद व स्थानीय लोग एसपी सिटी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन को बाध्य होंगे। इधर, कोतवाल हरेन्द्र चौधरी ने पार्षदों को जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।

कहा कि आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। धरना-प्रदर्शन करने वालों में मुकुल बल्यूटिया, गीता बल्यूटिया, जाकिर हुसैन, दीपा बिष्ट, महेश चंद्र, रोहित कुमार, मुन्नी कश्यप, हेमंत शर्मा, विनोद दानी, महेश आर्य, नीरज बगड़वाल, नीमा भट्ट, राजीव टंडन आदि मौजूद रहे।

 

संबंधित समाचार