अयोध्या: जज कॉलोनी पहुंचा संक्रमण, दो दिन के लिए कचहरी सील
अयोध्या,अमृत विचार। जनपद में कोरोना वायरस का संक्रमण जज कॉलोनी तक पहुंच गया है तीन न्यायधीश और एक विधि अधिकारी के संक्रमित पाए जाने के बाद कचहरी को दो दिनों के लिए सील कर दिया गया। मंगलवार को जिले में 33 और नए संक्रमित मरीज पाए गए। प्रशासन ने संबंधित क्षेत्रों को बफर और नियंत्रण …
अयोध्या,अमृत विचार। जनपद में कोरोना वायरस का संक्रमण जज कॉलोनी तक पहुंच गया है तीन न्यायधीश और एक विधि अधिकारी के संक्रमित पाए जाने के बाद कचहरी को दो दिनों के लिए सील कर दिया गया। मंगलवार को जिले में 33 और नए संक्रमित मरीज पाए गए। प्रशासन ने संबंधित क्षेत्रों को बफर और नियंत्रण जोन घोषित कर आगे की कवायद शुरू कर दी।
पूर्व में कचहरी के अधिवक्ता के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद दो दिनों के लिए कचहरी सील की गई थी। अब तीन न्यायिक और एक विधि अधिकारी संक्रमित पाया गया है। जिसके चलते जनपद न्यायाधीश ने मंगलवार और बुधवार को कोर्ट में लगे मुकदमा की तिथि विस्तारित कर दी है। वहीं जिला प्रशासन ने कचहरी को सैनिटाइजेशन और साफ सफाई के लिए दो दिनों के लिए सील किया है।
मंगलवार को नए संक्रमित पाए गए मरीजों में सर्वाधिक नगर निगम क्षेत्र के 15 हैं। जबकि 5 पूरा बाजार, चार-चार रुदौली व मसौधा, तीन सोहावल, एक हैरिंग्टनगंज तथा एक पड़ोसी जनपद गोंडा का है।
देर शाम जारी हेल्थ बुलेटिन में मुख्य विकास अधिकारी प्रथमेश कुमार ने बताया कि जिले को आज 457 सैंपल की रिपोर्ट मिली है, इसमें से 424 नेगेटिव और 33 पॉजिटिव पाए गए हैं।
संक्रमित पाए गए मरीजों में नगर निगम क्षेत्र में शिव नगर कॉलोनी के 3, जजेस कॉलोनी के तीन, राठ हवेली के दो तथा जब्ती वजीरगंज, ऋषि टोला, गोरा पट्टी नियावां, कैथाना साकेत कॉलेज, महाजनी टोला, परिक्रमा मार्ग कौशल्या घाट व आरजेबी परिसर के एक-एक मरीज हैं। पूरा बाजार विकासखंड के पेपर मिल परिसर, सनेथू पेपर मिल कर्मी, जानापुर,लाला का पुरवा सनेथू तथा सरायरासी में एक एक मरीज, रुदौली के धमोरा जखोली में चार, सोहावल के लखौरी में तीन, हैरिंग्टनगंज के नरहरपुर में एक तथा मसौधा के पालिया गोवा में दो व नजीर पुरवा एवं बिहारीपुर में एक एक और पड़ोसी जनपद गोंडा के नवाबगंज का एक मरीज संक्रमित मिला है। वर्तमान में जिले में कुल संक्रमितों की तादाद 493 पहुंच गई है।
306 के स्वस्थ होने के बाद सक्रिय मरीज 181 है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को उपचार के बाद ठीक होने पर कुल 4 मरीजों को छुट्टी दी गई। जिनमें नगर निगम क्षेत्र के सीताकुंड व साहबगंज के एक-एक, रुदौली के धमऊरा निवासी एक और मसौधा के पलिया साहबदी निवासी एक मरीज है।
