काशीपुर: प्रेम विवाह से नाराज, लड़के को पीटा
काशीपुर, अमृत विचार। प्रेम विवाह से नाराज लड़की पक्ष के लोगों ने लड़के के घर में घुसकर जानलेवा हमला कर तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दस लोगों को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। ग्राम श्यामनगर निवासी रिंकू कुमार ने कुंडा थाना पुलिस को …
काशीपुर, अमृत विचार। प्रेम विवाह से नाराज लड़की पक्ष के लोगों ने लड़के के घर में घुसकर जानलेवा हमला कर तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दस लोगों को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ग्राम श्यामनगर निवासी रिंकू कुमार ने कुंडा थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके भाई राजू ने गांव के ही रहने वाली एक युवती से प्रेम विवाह किया है। 26 अक्टूबर की रात लड़की पक्ष के 10-15 लोग हथियारों से लेस होकर जबरन उसके घर में घुस गए। गाली-गलौज करते हुए उसके पिता पर हमला कर दिया। जब उसका बड़ा भाई बचाने आया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की तथा घर की महिलाओं के साथ छेड़खानी व अभद्रता की। हमले में वह व उसका भाई तथा पिता बुरी तरह घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल पिता रामअवतार व भाई बिन्टू को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने हायर सेंटर रेफर कर दिया।
दोनों का हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर श्यामनगर निवासी अरुण, आकाश, विकास, रघुवीर, जयप्रकाश, शेर सिंह, राहुल, रवि, अजय, अभिषेक को नामजद करते हुए पांच अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
