देहरादून: सीएम आवास पर युवती ने लगाई फांसी, दो साल पहले भाई ने भी लगाई थी फांसी
देहरादून, अमृत विचार। मुख्यमंत्री आवास के सर्वेंट क्वार्टर में गुरुवार को एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती (24) सुलेखा रुद्रप्रयाग जिले की रहने वाली है। जानकारी के अनुसार, युवती का परिवार मुख्यमंत्री आवास में गायों की देखभाल करता था। युवती की आत्महत्या की सूचना से मुख्यमंत्री आवास में हड़कंप मच गया।
इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके साथ ही एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कैंट इंस्पेक्टर राजेंद्र रावत ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है। मामले की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि युवती अपने भाईयों के साथ यहां रहती थी। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। कमरे से जो किताबे मिली हैं उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवती पुलिस में भर्ती होने के लिए परीक्षा की तैयारी कर रही थी। यही नहीं सूत्रों से पता चला है कि 2 साल पहले सुलेखा के भाई ने भी देहरादून के अनारवाला में फांसी लगाई थी।
