हल्द्वानी: एक शव और दो दावेदार, पोस्टमार्टम हाउस में हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। तीन दिन पूर्व एक महिला की संदिग्ध परिस्थितयों में मौत हो गई और मौत के बाद अचानक उसके दो दावेदार सामने आ गए। पोस्टमार्टम हाउस से शव ले जाने को लेकर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हो गई। जानकारी पर कोतवाली और टीपीनगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद दोनों पक्षों को समझाबुझा कर शांत कराया गया और शव ले जाने के लिए मजबूत दावा पेश करने को कहा गया। मामला अब प्रशासन की चौखट पर है और पूरे मामले को प्रॉपर्टी से जोड़ कर देखा जा रहा है। 

 पूनम अल्का सिंह (59) पुत्री प्रवीण सिंह नैनीताल रोड काठगोदाम स्थित अपने मायके में रहती थीं। बताया जाता है कि पूनम की पहली शादी गोरापड़ाव निवासी चरनजीत सिंह से हुई थी। चरनजीत सिंह की शादी के बाद हत्या हो गई थी और तब से वह मायके में ही रह रही थीं। बाद में यहां राजू डेनियल से उनकी दूसरी शादी हुई। राजू डेनियल वर्तमान में पंजाब में हैं, जबकि पूनम मायके में रहती थीं। लंबे समय से बीमार चल रहीं पूनम की बीती आठ नवंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ईसाई रीति-रिवाज से पूनम के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी कि तभी सन्नी नाम का युवक वहां पहुंचा और उसने खुद को पूनम का बेटा बताते हुए शव उसके सुपुर्द करने की मांग की। इस पर वहां विवाद हो गया। मामला पुलिस तक पहुंचा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। 

 गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद पहले पति के बेटे सन्नी और दूसरे पति डेनियल के रिश्तेदारों के बीच शव ले जाने को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई। विवाद बढ़ने पर पहले टीपीनगर चौकी प्रभारी संजीत राठौर और फिर कुछ देर बाद कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया और दोनों पक्षों को मजबूत साक्ष्य पेश करने को कहा। जिसके बाद मामला सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह के दफ्तर पहुंच गया। काठगोदाम थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक ने बताया, प्रशासन के समझ दोनों पक्षों में जो साक्ष्य उपलब्ध कराएगा, शव उसी के सुपुर्द किया जाएगा। 

मुझे कुछ न हो, इसलिए दादी के सुपुर्द कर गई थी मां 

पूरे मामले में खुद को पूनम का पुत्र कहने वाले सन्नी का कहना है कि पहली पत्नी की मृत्यु के बाद मेरे पिता ने पूनम से दूसरी शादी की थी। संतान पैदा न होने पर दोनों की आपसी सहमति से सरोगेसी से पुत्र के रूप में उसका (सन्नी) जन्म हुआ। पिता की हत्या के बाद मां पूनम को डर था कि उनकी संतान की भी हत्या की जा सकती है, इसी वजह से उन्होंने मुझे दादी के सुपुर्द कर दिया और खुद मायके आ गईं। जबसे उसे अपनी मां के जीवित होने का पता लगा, वह लगातार उनकी सेवा कर रहा था।

अंतिम संस्कार और दूसरे पति पर गंभीर आरोप

सन्नी का कहना है कि जिस डेनियल को पूनम का दूसरा पति कहकर दावा ठोंका जा रहा है, वह पंजाब में रहता है और आरोप है कि वह पिछले कई सालों से हल्द्वानी नहीं आया। आरोप यह भी है कि डेनियल ने दूसरी शादी कर ली है। इधर, डेनियल की भाभी निर्मला और अन्य लोग बगैर डेनियल की उपस्थिति के मां के शव का अंतिम संस्कार करने लगे। सन्नी ने सवाल उठाया कि बगैर पति के कैसे अंतिम संस्कार संभव है। सन्नी ने खुद को पूनम का असली वारिस बताया है। 

डेनियल और निर्मला की फोटो संग पहुंचे परिजन

पोस्टमार्टम हाउस में विवाद बढ़ा और जब दावा पेश करने की बात आई तो डेनियल के परिजन डेनियल और निर्मला की शादी की तस्वीर लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। साक्ष्य के तौर पर उन्होंने आधार कार्ड भी पेश किया और सन्नी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जब निर्मला का पति जिंदा है तो उसके शव पर किसी और का अधिकार कैसे हो सकता है। हालांकि सवाल यह भी है कि मौत के तीन दिन गुजर जाने के बाद भी डेनियल पंजाब से हल्द्वानी क्यों नहीं पहुंचा।

संबंधित समाचार