काशीपुर: स्कूटी बेचने का झांसा देकर दंपति ने हड़पे 65 हजार, रिपोर्ट दर्ज 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। स्कूटी बेचने का झांसा देकर दंपति ने एक व्यक्ति से 65 हजार रुपये हड़प लिए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी दंपति के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

रेलवे कॉलोनी निवासी सतीश कुमार पांडेय ने पुलिस को तहरीर देकर कहा कि उसने अपने परिचित जसपुर निवासी रजत सिंह और उनकी पत्नी मीनाक्षी से पिछले वर्ष नवंबर में स्कूटी का सौदा 65 हजार रुपये में किया था। 28 नवंबर 2021 को उसने 55 हजार रुपये नकद देकर सौ रुपये के स्टांप पर इकरारनामा लिखा लिया।

एक दिसंबर 2021 को उसने बकाया दस हजार रुपये की रकम फोन पे के माध्यम से रजत के अकाउंट में ट्रांसफर कर दी। इसके बाद भी दंपति ने स्कूटी उसके नाम पर ट्रांसफर नहीं कराई। कोतवाली पुलिस से शिकायत की तो पुलिस ने स्कूटी मंगाकर थाने में खड़ी करा ली। अब न तो उसे स्कूटी मिल पा रही है और न ही स्कूटी उसके नाम पर ट्रांसफर हुई है। पुलिस ने रजत और उसकी पत्नी मीनाक्षी के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

संबंधित समाचार